Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय में ‘वॉर्टेक्स’ रोबोटिक्स कार्यशाला श्रृंखला का हुआ शुभारम्भ

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय (Faculty of Engineering and Technology) के अंतर्गत संचालित लाइफ-रोबो रोबोटिक्स क्लब द्वारा, आईईईई रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन सोसाइटी (IEEE RAS) के सहयोग से, आज ‘वॉर्टेक्स (VORTEX)’ रोबोटिक्स कार्यशाला श्रृंखला का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर क्लब के इंडक्शन कार्यक्रम के साथ कार्यशाला श्रृंखला के प्रथम सत्र “Robotics: Who I Am?” का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए रोबोटिक्स, सेंसर प्रौद्योगिकी एवं स्वचालित प्रणालियों के मूलभूत सिद्धांतों का ज्ञान अर्जित किया।कार्यक्रम के प्रारम्भ में विद्यार्थियों को लाइफ-रोबो रोबोटिक्स क्लब तथा आई आरएएस की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं भावी योजनाओं से अवगत कराया गया। तत्पश्चात ‘वॉर्टेक्स’ कार्यशाला श्रृंखला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रोबोटिक्स, स्वचालन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं व्यावहारिक दक्षता का विकास करना है।आज के सत्र का संचालन रोबोटिक्स‌ क्लब कनविनर डॉ. मनोज कुमार जैन द्वारा किया गया। डॉ. जैन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार के क्षेत्र में दीर्घ शैक्षणिक एवं अनुसंधान अनुभव रखते हैं।कार्यशाला के प्रथम सत्र में डॉ. जैन ने ट्रांसड्यूसर्स एवं सेंसर प्रौद्योगिकी से संबंधित मूलभूत अवधारणाओं पर विस्तृत चर्चा की।  उन्होंने प्रतिभागियों को सेंसरों के वर्गीकरण, उनके गुणधर्मों तथा रोबोटिक प्रणालियों में उनकी उपयोगिता के विषय में जानकारी प्रदान की। साथ ही यह भी बताया कि किस प्रकार ये सेंसर रोबोट की स्थिति, गति, अभिविन्यास तथा नेविगेशन संबंधी सूचनाओं को मापने एवं नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सेंसर आधारित निर्णय प्रणाली एवं बुद्धिमान रोबोटिक अनुप्रयोगों की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया।वर्तमान तकनीकी युग में रोबोटिक्स एवं सेंसर प्रौद्योगिकी उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि, परिवहन एवं रक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। इसलिए विद्यार्थियों के लिए केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक एवं अनुसंधानपरक समझ विकसित करना भी अत्यंत आवश्यक है।प्रो. सतेंद्र पाल सिंह, अधिष्ठाता, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय, लखनऊ विश्वविद्यालय, ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी प्रगति से जोड़ते हुए उन्हें नवाचार एवं अनुसंधान की दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने लाइफ-रोबो रोबोटिक्स क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘वॉर्टेक्स’ कार्यशाला श्रृंखला विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों के साथ प्रत्यक्ष रूप से कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी तथा उनके तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशलों को सुदृढ़ बनाएगी।कार्यक्रम का समापन संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने रोबोटिक्स एवं सेंसर प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे तथा आगामी कार्यशालाओं में सक्रिय सहभागिता की उत्सुकता व्यक्त की। यह आयोजन विद्यार्थियों के मध्य तकनीकी नवाचार, अनुसंधान अभिरुचि एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

Image 1 Image 1

Check Also

सर्वोदय मंडल गाजीपुर के तत्‍वावधान में आयोजित हुआ जहां पड़े गांधी के क़दम उनके वह माटी बनी महान कार्यक्रम

गाजीपुर। गाँधी ज्यन्ती 02 अक्तूबर  के अवसर पर महात्मा गांधी के गाजीपुर आगमन की 97 …