गाजीपुर। शहर के गोरा बाजार स्थित घोषाल बांग्ला कॉलोनी रोड पर पिछले चार महीने से पानी की पाइप फटी पड़ी है। पाइप से लगातार पानी बहने के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। आलम यह है कि इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बच्चे पानी और कीचड़ के बीच फिसलकर गिर भी जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पाइप फटने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क पर फैले पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते पाइप की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हैरानी की बात यह है कि चार महीने बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग की ओर से समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल फटी पाइप की मरम्मत कराने तथा सड़क पर जमा पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद खुलेगी? या फिर स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की परेशानी को देखते हुए समय रहते समस्या का समाधान किया जाएगा?
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….