लखनऊ। वैश्विक रैंकिंग्स में धीरे धीरे अपनी मजबूत जगह बना रहे मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर ने फिर एक बार महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर ने टाइम्स हायर एजुकेशन यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाई सब्जेक्ट (विषयवार रैंकिंग) 2026 में पहली बार जगह बनाकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को इंजीनियरिंग श्रेणी में विश्व में 1001-1025 रैंक बैंड में स्थान मिला है। 2026 की सब्जेक्ट रैंकिंग (विषयवार रैंकिंग) में विश्व स्तर पर कुल 1,555 विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन 11 विषय श्रेणियों में किया गया, जिनमें कला एवं मानविकी, प्रबंधन एवं अर्थशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, शैक्षिक अध्ययन, इंजीनियरिंग, विधिक अध्ययन, जीव विज्ञान,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। भारत में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी), बेंगलुरु शीर्ष स्थान पर रहा। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश से केवल दो विश्वविद्यालय ही इस सब्जेक्ट रैंकिंग में शामिल हुए हैं:-
- चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ
- मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर, जो राज्य में दूसरे स्थान पर है।
टाइम्स हायर एजुकेशन रैंकिंग पांच प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों पर आधारित है:
टीचिंग (28%)
रिसर्च एनवायरनमेंट (29%)
रिसर्च क्वालिटी (27.5%)
इंडस्ट्री इनकम (8%)
इंटरनेशनल आउटलुक (7.5%)
एमएमएमयूटी के प्रदर्शन स्कोर निम्नलिखित हैं:
टीचिंग: 15.0
रिसर्च क्वालिटी: 57.8
रिसर्च एनवायरनमेंट: 7.7
इंडस्ट्री इनकम: 18.5
इंटरनेशनल आउटलुक: 18.9
इस उपलब्धि के लिए माननीय कुलपति ने सभी फैकल्टी सदस्यों, शोधकर्ताओं तथा स्टाफ को उनकी समर्पित मेहनत के लिए बधाई दी, विशेष रूप से रिसर्च क्वालिटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की, जिसने इस वैश्विक मान्यता हासिल करने में निर्णायक भूमिका निभाई। यह उपलब्धि एमएमएमयूटी की शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करने की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….