गाजीपुर। थाना कासिमाबाद के पुलिस कर्मियों द्वारा वेद बिहारी पोखरा निवासी नीरज कुशवाहा को बर्बरता पूर्वक मारने पीटने तथा उसकी शिखा उखाड़े जाने का संज्ञान लेते हुए आज कुशवाहा महासभा गाजीपुर के महासचिव जयप्रकाश कुशवाहा के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिलकर घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त किया गया।जिला महासचिव जयप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि नीरज कुशवाहा जो चौराहे पर मिठाई व पान इत्यादि की दुकान खोलकर अपने परिवार का भरण पोषण करने का काम करता है उसको थाना कासिमाबाद के पुलिस कर्मियों द्वारा फ्री की सिगरेट मांगने पर इंकार करने से थाना कासिमाबाद परिसर में बुरी तरह से मारने पीटने तथा उसकी चुटिया उखाड़ लेने की घटना अत्यंत निंदनीय है।थाना कासिमाबाद के जो भी पुलिसकर्मी इसमें संलिप्त है उन सभी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर पंजीकृत कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही किया जाए नहीं तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने इस अमानवीय घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में खुलेआम मानवाधिकार का हनन,मारपीट तथा अपराध बढ़ता ही जा रहा है।अपराध रोकने की जिम्मेदारी जिस पुलिस के ऊपर है यदि वही मारपीट करे तो सर्व समाज को न्याय संभव नहीं है।पुलिस के इन कृत्यों से आम जनता का विश्वास पुलिस पर से उठता जा रहा है।हम संगठन के माध्यम से यह मांग करते है कि पुलिस अधीक्षक महोदय इस घटना को संज्ञान में लेते हुए तत्काल सभी दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित करें।अन्यथा कुशवाहा समाज न्याय के लिए सड़क पर उतर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर जिला महासचिव जयप्रकाश कुशवाहा, तहसील कासिमाबाद अध्यक्ष प्रभुनाम कुशवाहा,पूर्व प्रधान हरेन्दर कुशवाहा,मुहम्मदाबाद तहसील अध्यक्ष रामअवध कुशवाहा,विरेन्द्र कुशवाहा,विनोद, रामनिवास,संतोष,रमाकांत कुशवाहा,रामकिशन कुशवाहा आदि लोग उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….