लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (MMTTC) एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “समग्र एवं बहुविषयी शिक्षा” विषय पर आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 उन्मुखीकरण एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का शुभारंभ आज हुआ। यह कार्यक्रम 22 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समन्वयक तथा शिक्षा विभाग के अधिष्ठाता एवं अध्यक्ष प्रो. श्रवण कुमार ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा में समग्र, शिक्षार्थी-केंद्रित तथा बहुविषयी दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की परिवर्तनकारी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी के आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अपने उद्बोधन में प्रो. श्रवण कुमार ने कहा कि प्रो. जे. पी. सैनी के गतिशील नेतृत्व में लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कुलपति ने शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रियाओं को गति प्रदान करते हुए अल्प समय में ही विश्वविद्यालय में सकारात्मक परिवर्तन, कार्यकुशलता एवं संस्थागत विकास की नई संस्कृति स्थापित की है। उन्होंने यह भी कहा कि समग्र शिक्षा विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, आत्म-नियमन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, करुणा तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करती है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की मूल भावना है। एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. कमल कुमार ने समग्र एवं बहुविषयी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों के एकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे सृजनात्मकता, नवाचार तथा सार्थक अधिगम को बढ़ावा मिल सके। मुख्य वक्ता के रूप में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने समग्र एवं बहुविषयी शिक्षा के दार्शनिक एवं व्यावहारिक पक्षों की विस्तार से चर्चा की तथा प्रतिभागियों को अधिगम एवं मानव विकास के लिए एकीकृत दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में देश के विभिन्न भागों से जुड़े शिक्षकों, शोधार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह कार्यक्रम शिक्षकों एवं शोधार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की दृष्टि, उद्देश्यों एवं परिवर्तनकारी लक्ष्यों से परिचित कराने तथा समग्र एवं बहुविषयी शिक्षा की अवधारणा के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….