गाजीपुर। विद्युत वितरण खंड नगर आमघाट कार्यालय में आने वाले विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में वाटर कूलर स्थापित किया गया है। यह व्यवस्था अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना के निर्देशन में “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप की गई है, ताकि भीषण गर्मी में दूर-दराज से आने वाले उपभोक्ताओं को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। नगर डिवीजन कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों उपभोक्ता बिजली बिल जमा करने, बिल संशोधन (बिल रिवीजन), नए विद्युत कनेक्शन तथा अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए अधिशासी अभियंता नगर गोपाल सिंह की मांग पर कार्यालय परिसर में आधुनिक वाटर कूलर स्थापित कराया गया। वाटर कूलर लगने से अब उपभोक्ताओं को कार्यालय परिसर में ही ठंडा पेयजल उपलब्ध हो रहा है। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनसुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। कार्यालय आने वाले उपभोक्ताओं ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में शीतल पेयजल की व्यवस्था से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसे उपभोक्ता हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….