गाजीपुर। सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘‘साथी पोर्टल‘‘ के माध्यम से अब किसानों को सीधे उत्तम और उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इस नई व्यवस्था को धरातल पर उतारने और किसानों को जागरूक करने के लिए कृषि भवन स्थित सभागार में जिला कृषि अधिकारी और अपर जिला कृषि अधिकारी ने बैठक की। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि साथी पोर्टल का मुख्य उद्देश्य बीज उत्पादन, बीज प्रमाणीकरण और वितरण की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है। इस पोर्टल के जरिए किसान बाजार में मिलने वाले बीजों की विश्वसनीयता की जांच खुद कर सकेंगे। पोर्टल पर पंजीकृत बीजों पर एक विशेष क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन करके बीज की शुद्धता, उसकी वैरायटी और उसकी एक्सपायरी डेट जैसी जरूरी जानकारियां तुरंत हासिल कर सकेंगे। इससे बाजार में बिकने वाले नकली और मिलावटी बीजों पर पुरी तरह से लगाम लगेगी। उन्होने पोर्टल का उपयोग करने का लाइव तरीका सिखाया। बैठक में बताया गया कि इस पारदर्शी व्यवस्था से किसानों की लागत कम होगी और गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से पैदावार में भारी बढ़ोतरी होगी, जो सीधे तौर पर उनकी आमदनी को बढ़ाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे केवल अधिकृत विक्रताओं से ही बीज खरीदें और खरीदारी के समय साथी पोर्टल के माध्यम से सत्यता की जांच करें।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….