लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के बी टेक पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की भौतिक रूप से रिपोर्टिंग एवं प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया दिनांक 29 जुलाई 2026 से विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित की जाएगी। विस्तार से जानकारी देते हुए अधिष्ठाता स्नातक अध्ययन प्रो वी के मिश्र ने बताया कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए रिपोर्टिंग, प्रमाणपत्र सत्यापन, ओरिएंटेशन, नियमित कक्षाओं तथा छात्रावास शुल्क जमा करने की विस्तृत समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं जोकि विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। निर्देशों के अनुसार पहले दिन अर्थात 29 जुलाई को कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (IOT), तथा केमिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों की भौतिक रिपोर्टिंग एवं प्रमाणपत्रों का भौतिक सत्यापन बहुउद्देशीय हॉल में किया जाएगा। 30 जुलाई को सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, एवं इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ब्रांच के नवप्रवेशित छात्रों की भौतिक रिपोर्टिंग एवं प्रमाणपत्रों का भौतिक सत्यापन होगा। बी टेक के सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 31 जुलाई को ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 3 अगस्त, 2026 से प्रथम वर्ष की नियमित कक्षाएं प्रारम्भ हो जाएंगी। प्रो वी के मिश्र ने स्पष्ट किया कि सभी विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से स्वयं उपस्थित होना होगा और अपने मूल शैक्षणिक अभिलेख, उनकी दो-दो स्वप्रमाणित छायाप्रति, शुल्क जमा करने की रसीद तथा चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ साथ लाने होंगे। साथ ही सभी छात्रों को अनिवार्य रूप से सीट एलॉटमेंट लेटर, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मार्कशीट और सर्टिफिकेट, आधार कार्ड अथवा अन्य मान्य सरकारी पहचान पत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, आरक्षण श्रेणी एवं आय प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, एंटी-रैगिंग से संबंधित आवश्यक प्रपत्र तथा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अन्य अभिलेख भी लाने होंगे। अधिष्ठाता छात्र मामले प्रो जय प्रकाश ने बताया कि छात्रावास आवंटन के इच्छुक विद्यार्थियों को पृथक से छात्रावास शुल्क जमा करना होगा जिसके लिए विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन शुल्क जमा करने की व्यवस्था भी की है। छात्र https://mmmut.samarth.edu.in/feeportal पर उपलब्ध Miscellaneous Fee (Student’s Only) पोर्टल के माध्यम से अपने एनरोलमेंट नंबर का उपयोग कर छात्रावास शुल्क ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। शुल्क भुगतान के लिए पहले आवश्यक विवरण भरकर ई-मेल एवं मोबाइल नंबर का सत्यापन करना होगा, जिसके बाद ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय का पालन करते हुए सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी असुविधा के समयबद्ध ढंग से सम्पन्न हो सके।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….