Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय के उद्योग–शैक्षणिक साझेदारी को मिली नई मजबूती; रामाडा बाय विंडहैम के साथ हुआ MoU

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने नवप्रारंभित बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (BHMCT) पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं के लिए उद्योग–शैक्षणिक सहयोग (Industry-Academia Collaboration) को सुदृढ़ करने तथा व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म स्टडीज (ITS), फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज द्वारा प्रथम BHMCT बैच के ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन मुख्य परिसर स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय के मंथन हॉल में किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय और विश्वविख्यात रामाडा बाय विंडहैम (Ramada by Wyndham), लखनऊ के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस रणनीतिक समझौते पर लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा तथा रामाडा की ओर से निशांत जायसवाल (निदेशक, रामाडा प्लाजा बाय विंडहैम लखनऊ होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, रामाडा एन्कोर, रामाडा एन्कोर लखनऊ एयरपोर्ट) ने औपचारिक हस्ताक्षर किए। यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए उद्योग अनुभव, अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning), कौशल विकास और करियर निर्माण का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इसके अंतर्गत मुख्य रूप से निम्नलिखित गतिविधियां संचालित की जाएंगी:

प्रैक्टिकल व इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग: विद्यार्थियों को रियल-टाइम वर्किंग एनवायरनमेंट में इंटर्नशिप और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग की सुविधा।

* प्लेसमेंट व करियर सहयोग: कैंपस भर्ती ड्राइव, प्लेसमेंट सहायता और लाइव प्रोजेक्ट्स की उपलब्धता।

* विशेषज्ञ मार्गदर्शन: आतिथ्य उद्योग के विशेषज्ञों द्वारा नियमित अतिथि व्याख्यान, कार्यशालाएं, सेमिनार और हॉस्पिटैलिटी इवेंट्स।

* संकाय एवं पाठ्यक्रम संवर्धन: फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, केस स्टडीज, संयुक्त अनुसंधान एवं उद्योग की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक पाठ्यक्रम का विकास।

प्रथम BHMCT बैच के विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय में स्वागत करते हुए एवं उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि “BHMCT कार्यक्रम की शुरुआत आतिथ्य क्षेत्र में व्यावसायिक और उद्योगोन्मुख शिक्षा को सशक्त करने की दिशा में लखनऊ विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण कदम है। रामाडा बाय विंडहैम के साथ हुआ यह एमओयू हमारी सार्थक उद्योग–अकादमिक साझेदारी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे हमारे विद्यार्थियों को कक्षा के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ विश्वस्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे वैश्विक आतिथ्य उद्योग की चुनौतियों और प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह कुशल एवं सक्षम पेशेवर बनकर उभरेंगे।” रामाडा के निदेशक निशांत जायसवाल ने कहा कि यह साझेदारी नवाचार, व्यावसायिक उत्कृष्टता और सतत आतिथ्य प्रथाओं को बढ़ावा देगी तथा छात्रों को उद्योग की उभरती आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाएगी। फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज की डीन प्रो. संगीता साहू ने नवागंतुक छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि रामाडा के साथ यह जुड़ाव कार्यक्रम के व्यावसायिक स्वरूप को मजबूत करेगा। उन्होंने छात्रों से इंटर्नशिप और प्रशिक्षण के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म स्टडीज की निदेशक डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव ने कुलपति महोदय के विज़न के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह एमओयू छात्रों के शुरुआती शैक्षणिक चरण से ही इंडस्ट्री इंटरफेस स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित रामाडा के जनरल मैनेजर मुकुंदा चौधरी एवं ट्रिपजैक के रीजनल हेड–ईस्ट कुंदन कुमार सिंह ने छात्रों को अनुशासन, संचार कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और जन-केंद्रित सेवा भाव के साथ इस तेजी से बढ़ते क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मनीष जायसवाल (HR, रामाडा), प्रो. अनु कोहली (बोर्ड सदस्य, ITS), डॉ. अमर कुमार तिवारी, डॉ. सुयश यादव सहित शोधार्थी, छात्र स्वयंसेवक तथा प्रथम BHMCT बैच के सभी नवप्रवेशित विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

 

 

Image 1 Image 2

Check Also

लखनऊ विश्वविद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) राजनीश कुमार यादव को थल सेना ने किया सम्‍मानित

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) राजनीश कुमार यादव को थल सेना उप-प्रमुख (VCOAS …