गाजीपुर! सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय, वाराणसी द्वारा जिला उद्योग केंद्र, गाजीपुर में पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मोहन शर्मा, संयुक्त आयुक्त उद्योग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आर.के. चौधरी, वी.के. राणा, सहायक निदेशक, एमएसएमई विकास कार्यालय, वाराणसी, राजदेव, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित अधिकारी, विशेषज्ञ एवं पीएम विश्वकर्मा लाभार्थी उपस्थित रहे। तकनीकी सत्र में डॉ. मनीष अरोड़ा द्वारा पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। अभिषेक शर्मा, शाखा प्रबंधक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा डिजिटल मार्केटिंग, डिजिटल भुगतान एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही लाभार्थियों को उद्यमिता विकास एवं अपने उत्पादों के प्रभावी विपणन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांड पहचान विकसित करने, डिजिटल माध्यमों से विपणन तथा व्यापक बाजार तक पहुंच बढ़ाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने पारंपरिक कौशल एवं उत्पादों को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लाभार्थियों की समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों पर खुली चर्चा भी की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पीएम विश्वकर्मा कारीगरों एवं शिल्पकारों को बेहतर विपणन अवसर उपलब्ध कराते हुए उनके उत्पादों को स्थानीय, राष्ट्रीय एवं डिजिटल बाजार तक पहुंचाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….