लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के निवेदिता महिला छात्रावास (Nivedita Girls’ Hostel) में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत हेतु ‘फ्रेशर्स पार्टी एवं डांडिया नाइट’ का भव्य एवं उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के बीच भारतीय और वैश्विक संस्कृतियों का अद्भुत संगम देखने को मिला। निवेदिता महिला छात्रावास में ‘फ्रेशर्स पार्टी एवं डांडिया नाइट’ का भव्य आयोजन। मेडागास्कर, कज़ाख़िस्तान एवं बांग्लादेश आदि देशों की विदेशी छात्राओं ने दी विशेष प्रस्तुतियां। गणपति वंदना, विष्णु स्तोत्रम और गरबा-डांडिया का आयोजन हुआ। कुलपति प्रो० जे० पी० सैनी ने विदेशी छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW), चीफ प्रोवोस्ट एवं छात्रावास प्रशासन की रही गरिमामयी उपस्थिति।
भारतीय संस्कृति के रंग में रंगीं विदेशी छात्राएं:
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्वविद्यालय में अध्ययनरत अंतरराष्ट्रीय छात्राओं की सहभागिता रही। मेडागास्कर, कज़ाख़िस्तान और बांग्लादेश आदि देशों से आईं विदेशी छात्राओं ने भारतीय परंपरा को आत्मसात करते हुए अत्यंत उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ हुआ। विदेशी छात्राओं द्वारा अत्यंत शुद्ध भाव, लय और भक्ति के साथ प्रस्तुत की गई ‘गणपति वंदना’ ने पूरे प्रांगण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत भगवान श्री हरि विष्णु की स्तुति में ‘विष्णु स्तोत्रम’ का प्रभावी पाठ व मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
डांडिया और गरबा की थाप पर झूमा परिसर:
भक्तिमय प्रस्तुतियों के पश्चात पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं ने गरबा और डांडिया गीतों की धुन पर ऊर्जावान लोकनृत्य प्रस्तुत किया। ताल और डांडिया की खनक के साथ भारतीय एवं विदेशी छात्राओं ने मिलकर ऐसा समां बांधा कि पूरा निवेदिता छात्रावास प्रांगण उत्सव के रंग में सराबोर हो गया। कुलपति प्रो० जे० पी० सैनी ने मेडागास्कर, कज़ाख़िस्तान और बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों से आईं विदेशी छात्राओं से विशेष रूप से वार्तालाप किया। कुलपति जी ने छात्राओं से उनके शैक्षणिक अनुभव और विश्वविद्यालय में उनके प्रवास की जानकारी ली तथा उनकी प्रतिभा एवं भारतीय संस्कृति को सहज रूप से अपनाने के प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। कुलपति महोदय ने कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक सीमाओं को तोड़कर ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को साकार करते हैं और वैश्विक बंधुत्व को सुदृढ़ बनाते हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रोफेसर अमिता कनौजिया, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW), प्रो० आशीष अवस्थी, चीफ प्रोवोस्ट, प्रो० रतना कटियार, प्रोवोस्ट (निवेदिता छात्रावास), डा० अनुपम पटेल, असिस्टेंट प्रोवोस्ट, सहित छात्रावास की वार्डन, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अतिथियों ने नवागंतुक छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और सफल आयोजन हेतु निवेदिता छात्रावास प्रशासन की सराहना की।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….