गाजीपुर। कुआर पूर्णिमा के शुभ अवसर पर रविवार को महाराजगंज पोखरे पर विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। कुश्ती मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे। मुख्य अतिथि सदर विधायक जैकिशन साहू ने पहलवानों का हाथ मिलाकर दंगल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि कुश्ती भारत का प्राचीन और पारंपरिक खेल है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में शारीरिक दक्षता, अनुशासन और खेल भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। दंगल में एकला के प्रियांशु पहलवान और सरैया के अभिषेक पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें अभिषेक पहलवान ने शानदार दांव लगाते हुए प्रियांशु को पटकनी देकर जीत हासिल की। वहीं, अंधऊ के गोलू पहलवान ने वाराणसी के सूरज पहलवान को पराजित कर अपनी जीत दर्ज की। धरवां के पंकज पहलवान और सरैया के सत्यवान पहलवान के बीच भी जोरदार मुकाबला देखने को मिला। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए खूब जोर आजमाइश की, लेकिन कोई भी निर्णायक जीत हासिल नहीं कर सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसी तरह वाराणसी के धर्मेंद्र पहलवान और शेखपुर छपरा के उमाशंकर पहलवान के बीच हुई कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। कुश्ती के दौरान दर्शक तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे। ग्रामीण अंचल में आयोजित इस पारंपरिक दंगल ने लोगों को रोमांचित किया और कुश्ती के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर रामनगीना पांडेय, आफत यादव, हरिवंश यादव बचनू, राजन यादव, रामसहाय विश्वकर्मा, किशन बिंद, संजय शर्मा, बंटी यादव और लालजी यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। दंगल कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने अतिथियों, पहलवानों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….