Breaking News

आजमगढ़: पेड़ से टकराई स्‍कार्पियो, दो की मौत, दो घायल

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार-मेहनगर मार्ग पर रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक स्कॉर्पियो नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे से दोनों मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी मुताबिक गंभीरपुर थाना क्षेत्र के नगरइया जहानपुर गांव निवासी संतोष (28) स्कॉर्पियो से गांव के अपने दोस्त गोविंद यादव (22), कुट्टू परशुरामपुर गांव निवासी मुनीब यादव (22) व रसूलपुर माफी गांव निवासी बबलू (20) के साथ मेंहनगर के जाफरपुर किसी काम से गए थे। उधर से काम खत्म कर वह घर लौट रहे थे। जैसे ही वह दोपहर लगभग दो बजे चेवारिया के पास पहुंचे तभी उनके वाहन के सामने अचानक नीलगाय आ गई, जिसे बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में गोविंद यादव और मुनीब यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि संतोष व बबलू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को पीएचसी मोहम्मदपुर पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक मुनीब यादव का विवाह मात्र 11 महीने पूर्व हुआ था।थाना प्रभारी बसंत लाल ने बताया कि दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गाड़ी किसकी है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। पता किया जा रहा है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को देखते हुए 8 से 10 जून तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद

गाजीपुर। यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आगामी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 को देखते …