वाराणसी। अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप शनिवार दोपहर साइकिल से घर लौट रहे एक मजदूर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चतुभुजपुर गांव निवासी मनोज कुमार (38) मजदूरी का कार्य करते थे। शनिवार को वह साइकिल से अपने घर जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए तथा घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित कारणों और हमलावरों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….