लखनऊ। अपनी अंतर्राष्ट्रीय पहचान को सुदृढ़ करने तथा अंतर्राष्ट्रीय पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर ने कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व में वियतनाम के दो प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों —हो ची मिन्ह सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, तथा हो ची मिन्ह सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस के साथ आज एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। एम एम एम यू टी की तरफ से समझौते पर कुलपति प्रो जे पी सैनी ने हस्ताक्षर किए जबकि हो ची मिन्ह सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस की तरफ से डॉ न्यूएन थान्ह जियांग ने जबकि हो ची मिन्ह सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी की तरफ से डॉ न्यूएन थान्ह फुओंग ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर कार्यक्रम कुलाधिपति की गरिमामय उपस्थिति में गांधी हॉल, राजभवन, लखनऊ में संपन्न हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय की तरफ से प्रो जय प्रकाश, कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, तथा वित्त नियंत्रक विनय कुमार राय सहित उत्तर प्रदेश के नौ राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, आई आई टी कानपुर के प्रतिनिधि एवं वियतनाम से आए प्रतिनिधि मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।समझौते के अंतर्गत दोनों पक्ष शैक्षणिक, शोध एवं विकास, तथा अन्य अकादमिक गतिविधियों के संचालन में सहयोग करेंगे। समझौते के अंतर्गत दोनों पक्ष विद्यार्थियों, शिक्षकों, एवं शोधकर्ताओं का आदान प्रदान कर सकेंगे, संयुक्त शोध कार्यक्रम संचालित कर सकेंगे, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आदि संचालित कर सकेंगे। साथ ही दोनों पक्ष संयुक्त रूप से अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी, सम्मेलन आदि का आयोजन भी कर सकेंगे। इस समझौते के प्रमुख उद्देश्य निम्नवत होंगे: –
- शैक्षणिक सहयोग: शैक्षणिक गतिविधियों, शोध एवं ज्ञान-साझाकरण को प्रोत्साहन
- सांस्कृतिक एवं अकादमिक आदान-प्रदान: छात्र एवं शिक्षकों के आदान-प्रदान से वैश्विक दृष्टिकोण का विकास।
- संयुक्त शोध एवं इंटर्नशिप: संयुक्त शोध एवं इंटर्नशिप कार्यक्रमों के माध्यम से नवाचार और कौशल-विकास को बढ़ावा।
- दीर्घकालिक साझेदारी: विभिन्न विषयों में सतत सहयोग की स्थापना।
- संयुक्त, द्वैतिक एवं ट्विनिंग डिग्री कार्यक्रमों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा में वृद्धि।
इस सहयोग के माध्यम से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर तथा वियतनाम के दोनों विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन करेंगे तथा वैश्विक स्तर पर भारतीय उच्च शिक्षा की उपस्थिति को और सशक्त बनाएंगे। कुलपति प्रो जय प्रकाश सैनी जी ने इस अवसर पर कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….