गाजीपुर। देश के 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख मित्रसेन प्रधान अंत्येष्टि स्थल मां गंगा तट सुल्तानपुर पर राष्ट्रीय ध्वज डोम राजा सबूति राज ने फहराया। राष्ट्र गान के बाद आयोजित कार्यक्रम में पूर्व ग्राम प्रधान डा.अविनाश प्रधान ने कहा कि संविधान हमें अधिकार देता है तो कर्त्तव्य भी। दोनों का संतुलन ही हमारे आजादी की रक्षा करेगा और लोकतंत्र को मजबूत। जो जहां है वहीं अपने कर्तव्यों का पालन करे तो राष्ट्र का विकास होगा और उसके लाभार्थी देश के नागरिक होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व ब्लाक प्रमुख मित्रसेन प्रधान अंत्येष्टि स्थल से जुड़े लोगों ने शानदार कार्य किया है। अपने निर्माण से अब तक दस हजार से अधिक शवों को मां गंगा में प्रवाहित होने से रोका है।जिससे मां गंगा को प्रदूषित होने से बचाया और मां गंगा की निर्मल प्रवाह में योगदान किया है। अभी जो साफ सफाई है उसमें और बेहतर करने के साथ शवयात्रियों की सेवा का संकल्प लेना होगा। आम लोगों की संतुष्टि ही ध्येय होना चाहिए। कार्यक्रम में रामाधार राज,गुड्डू राज,रामू राज,विरजू राज, ओम प्रकाश राज, पौव्वा राज, फगुनी राज, मुन्ना यादव, संतोष प्रधान, आनंद मोहन पांडेय, धीरज यादव आदि शामिल रहे।संचालन सुनील प्रधान ने किया। अंत में ग्राम प्रधान सुनिता गिरी द्वारा प्रेषित मिष्ठान का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….