गाज़ीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जै किशन साहू ने विधानसभा में अपने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नमामि गंगे वर्ष 2017–18 में शुरू हुई थी, लेकिन अब तक इसे पूर्ण रूप से लागू नहीं किया जा सका है। उन्होंने गंगा सफाई परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने फतेहउल्लाहपुर से जखनिया ब्लॉक तक दूषित पानी की गंभीर समस्या का मुद्दा उठाते हुए बताया कि इससे लगभग 13 गांव प्रभावित हैं और बच्चों में लकवा व मानसिक विकार जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक ने गंगा के यू-टर्न के कारण हो रहे कटान से प्रभावित 15 गांवों के लिए ठोस एवं स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। साथ ही चोचकपुर में गंगा पुल निर्माण, गाज़ीपुर स्थित एसडीएम कार्यालय और स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही। सिरगिठा, करंडा, बड़सरा, मैनपुर एवं नंदगंज स्थित अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा नंदगंज से शादियाबाद तक सड़क चौड़ीकरण कराने की भी मांग की गई, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा एवं आवागमन की सुविधा मिल सके। गौरतलब है कि विधायक जै किशन साहू समय-समय पर नंदगंज क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाते रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र के लोगों में संतोष देखा जा रहा है तथा स्थानीय नागरिकों ने उन्हें इसके लिए बधाई दी है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….