लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के यांत्रिक अभियांत्रण विभाग द्वारा 12 व 13 मार्च 2026 को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी “इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांस्ड डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग एंड सस्टेनेबल एनर्जी सिस्टम्स (ICADMSES-2026)” का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन विज्ञान भारती के संयुक्त सहयोग से आयोजित होगा, जिसमें भारत सहित कई देशों के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ और शोधार्थी भाग लेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए यांत्रिक अभियांत्रण विभाग के डॉ. पल्लव गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन के चीफ पैट्रन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी होंगे। उद्घाटन समारोह में एचबीटीयू कानपुर के कुलपति प्रो. सम्शेर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन समारोह में एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में विज्ञान भारती के जोनल ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी अंकित राय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. पल्लव गुप्ता ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ब्राजील, मलेशिया और भारत सहित कई देशों के प्रतिष्ठित प्रोफेसर, वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता भाग लेंगे और अपने नवीन शोध व अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में शोधार्थी भी अपने शोध-पत्र (पेपर प्रेजेंटेशन) प्रस्तुत करेंगे, जिससे प्रतिभागियों को नवीनतम शोध, तकनीकी नवाचार और आधुनिक औद्योगिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होंगी। दो दिवसीय इस संगोष्ठी में रिन्यूएबल एनर्जी, एडवांस्ड मटेरियल, थ्री-डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, आधुनिक डिजाइन तकनीक तथा सस्टेनेबल एनर्जी सिस्टम्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा और विचार-विमर्श होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सम्मेलन से विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में नए शोध और तकनीकी संभावनाओं को दिशा मिलेगी। इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही दिल्ली की जुपिटर इंजीनियरिंग वर्क्स द्वारा भी आंशिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जिससे सम्मेलन के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में यांत्रिक अभियांत्रण विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. जीऊत सिंह, डॉ. पल्लव गुप्ता तथा डॉ. वीरेंद्र कुमार सहित विभाग के अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के समन्वित प्रयासों से सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और विश्वविद्यालय परिसर में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….