गाजीपुर। शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उमा शंकर शास्त्री महाविद्यालय, हैंसी पारा, गाजीपुर ने अब तकनीकी शिक्षा की दिशा में नई शुरुआत कर दी है। महाविद्यालय में बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (BCA) कोर्स प्रारंभ किया गया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। महाविद्यालय के निदेशक संजय सिंह कुशवाहा ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोर्स विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है, ताकि वे आधुनिक तकनीकी ज्ञान और प्रैक्टिकल स्किल्स के साथ अपने करियर को मजबूत बना सकें। उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों को इंडस्ट्री-रेडी बनाना है। इस नई पहल से महाविद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ में भी उत्साह का माहौल है। सभी ने मिलकर इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया और उम्मीद जताई कि यह कोर्स आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों में भी इस खबर को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब उन्हें उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों की बचत होगी। खास बात यह है कि BCA कोर्स की फीस भी अत्यंत किफायती रखी गई है, जिससे हर वर्ग के छात्र इसका लाभ उठा सकेंगे। महाविद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने भविष्य को सशक्त बनाएं। यह पहल न केवल शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाएगी, बल्कि गाजीपुर को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….