Breaking News

गाजीपुर: ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

गाजीपुर। दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से लगभग तीन किलोमीटर दूर नसीरपुर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में मऊ निवासी किसान कौशल चौहान (60-65 वर्ष) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय सतिराम चौहान के पुत्र कौशल चौहान के रूप में हुई है। यह हादसा किस समय और किस ट्रेन से हुआ, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौशल चौहान पिछले कुछ समय से पेट संबंधी बीमारी से ग्रसित थे और वाराणसी के एक निजी अस्पताल से उनका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को वे दवा लेने के लिए ही ट्रेन पकड़कर वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान नसीरपुर के पास वे किसी कारणवश ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वे ट्रेन के नीचे कैसे आए, इसकी स्पष्ट वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है। ​घटना की सूचना मिलते ही दुल्लहपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक के पास मिले पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने उनकी शिनाख्त की और तत्काल घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। ​कौशल चौहान अपने पीछे दो पुत्रियों और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही उनके गृह जनपद में परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …