Breaking News

23 जून तक भी सक्रिय नही हो सका मानसून, 37 जिले सूखे की चपेट में   

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून की चाल सुस्त पड़ गई है। सामान्यतः 18 से 20 जून के बीच प्रदेश में दस्तक देने वाला मानसून 23 जून तक भी सक्रिय नहीं हो सका है। मौसम वैज्ञानिक इसके पीछे अलनीनो के प्रभाव को प्रमुख कारण मान रहे हैं। इसका असर जून माह की वर्षा पर साफ दिख रहा है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस बार 1 से 23 जून के दौरान उत्तर प्रदेश के 75 में से 54 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं 37 जिलों में स्थिति अत्यधिक चिंताजनक है। इससे धान समेत खरीफ की फसलों की बुवाई, मक्का, अरहर और हरी सब्जियों के उत्पादन पर बुरा असर पड़ने वाला है। मौसम विभाग के जून माह के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 37 जिलों में सामान्य से 60 से 99 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है। यानी प्रदेश के आधे से अधिक जिले सूखे जैसे हालात से जूझ रहे हैं। वहीं 17 जिलों में 20 से 59 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। इस तरह कुल 54 जिलों में वर्षा की कमी दर्ज की गई है। इसके विपरीत केवल 11 जिलों में वर्षा सामान्य रही, जबकि नौ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई।कौशांबी प्रदेश का एकमात्र जिला रहा, जहां जून माह में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई। यहां सामान्य वर्षा के मुकाबले 100 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।सामान्य से 60 प्रतिशत या उससे अधिक वर्षा आगरा, एटा, हाथरस और संभल में दर्ज की गई। वहीं कन्नौज, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, मथुरा और मुजफ्फरनगर में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।अत्यधिक कमी वाले जिलों में अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, भदोही, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, गोंडा, जौनपुर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संतकबीरनगर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, उन्नाव, वाराणसी, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हमीरपुर, जालौन, झांसी, महोबा, पीलीभीत और शामली शामिल हैं। वहीं, गाजीपुर, गोरखपुर, हरदोई, रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर, अलीगढ़, अमरोहा, औरैया, बरेली, बिजनौर, कासगंज, ललितपुर, मैनपुरी, रामपुर, सहारनपुर और शाहजहांपुर में 20 से 59 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: महिला मोर्चा की अध्‍यक्ष सरोज कुशवाहा व प्रदेश उपाध्‍यक्ष कृष्‍ण बिहारी राय को सरिता अग्रवाल व विनोद अग्रवाल ने दी बधाई

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा पार्टी के 55 …