लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के बीबीए तथा एमबीए पाठ्यक्रमों ने इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आई आई आर एफ) 2026 रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के अग्रणी उच्च शिक्षण संस्थानों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय के बी बी ए कार्यक्रम ने इस वर्ष अखिल भारतीय स्तर पर 10वीं रैंक प्राप्त की है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में यह कार्यक्रम 19वें स्थान पर था। साथ ही, एमएमएमयूटी ने लगातार दूसरे वर्ष उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ बीबीए संस्थान का स्थान भी बरकरार रखा है। इसी प्रकार, एम बी ए पाठ्यक्रम को देश में 66वाँ और उत्तर प्रदेश में 10वाँ स्थान मिला है। आई आई आर एफ 2026 में मिली यह उपलब्धि हाल के महीनों में विश्वविद्यालय द्वारा अर्जित कई महत्वपूर्ण सफलताओं की श्रृंखला में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि है। आई आई आर एफ 2026 में विश्वविद्यालय ने इंजीनियरिंग श्रेणी में देशभर में 51वीं तथा मैनेजमेंट श्रेणी में 66वीं रैंक प्राप्त की थी, जो विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में विश्वविद्यालय की बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिष्ठा को दर्शाती है। वहीं, बीबीए कार्यक्रम ने देशभर में 10वां स्थान हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरे वर्ष अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। India Today Rankings 2026 में भी एमएमएमयूटी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय को देश के सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में 28वीं तथा ओवरऑल इंजीनियरिंग श्रेणी में 109वीं रैंक प्राप्त हुई। वहीं, विश्वविद्यालय के बीबीए कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर 88वीं रैंक मिली, जो प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति का प्रमाण है। वैश्विक स्तर पर भी विश्वविद्यालय ने अपनी पहचान मजबूत की है। Times Higher Education (THE) Sustainability Impact Ratings 2026 में एमएमएमयूटी को विश्व स्तर पर 1000–1500 बैंड में स्थान मिला है। संयुक्त राष्ट्र के Sustainable Development Goals (SDGs) के अंतर्गत विश्वविद्यालय ने SDG 7 (Affordable & Clean Energy) तथा SDG 9 (Industry, Innovation & Infrastructure) में वैश्विक स्तर पर 401–600 बैंड प्राप्त किया। इसके अलावा SDG 3 (Good Health & Well-being) में 1000+ बैंड तथा SDG 17 (Partnerships for the Goals) में 1001–1500 बैंड में स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने विश्वविद्यालय परिवार, विशेष रूप से प्रबंध अध्ययन विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के शीर्ष 10 बीबीए संस्थानों में स्थान बनाना एमएमएमयूटी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। बीते वर्ष की तुलना में 19वें स्थान से 10वें स्थान तक की यह उल्लेखनीय प्रगति तथा उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरे वर्ष शीर्ष स्थान बनाए रखना विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और सभी हितधारकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, शोध एवं नवाचार को निरंतर बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने वाला उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को शिक्षण, अनुसंधान और संस्थागत विकास के क्षेत्र में और भी ऊँचे मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….