लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली की नई दरें लागू कर दी गई हैं। उपभोक्ताओं के लिए खुशी की बात ये है कि इस साल भी बिजली का बिल नहीं बढ़ेगा। इसकी जानकारी मंत्री ए.के शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करके दी। मंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, यूपी का बिजली मैनेजमेंट ऐतिहासिक है। उत्तर प्रदेश में लगातार सातवें साल बिजली के रेट नहीं बढ़ाए गए हैं। सात साल से बिजली के रेट में एक पैसे की भी बढ़ोतरी नहीं हुई है। 2026-27 में भी सभी कंज्यूमर्स के लिए सात साल पहले वाले रेट लागू रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह ऐसे समय में है, जब बिजली सप्लाई अपने अधिकतम लेवल पर है। इस साल गर्मियों में 32673 MW के साथ यूपी में देश में सबसे ज़्यादा सप्लाई का नया रिकॉर्ड बना है। कुदरती रुकावटों के बावजूद, हर शहर, हर गांव, हर सड़क, हर गली में 24×7 बिजली पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में जुलाई माह के बिजली बिलों में उपभोक्ताओं को 4.43 प्रतिशत की राहत मिलेगी। एफपीपीसीए के तहत यह 15 महीनों की सबसे बड़ी कटौती है, जिससे करीब 358 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। बिजली खरीद लागत कम होने से यह राहत संभव हुई है, जबकि अतिरिक्त वसूली वापसी की मांग भी जारी है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….