वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वनस्पति विज्ञान विभाग के शोधकर्ताओं ने कवक जैव विविधता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए कवक का एक नया वंश (Genus) ‘पेड्रोक्रूसियोप्सिस’ (Pedrocrousiopsis) स्थापित किया है। यह कवक वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित कुसमी जंगल से होलोप्टेलिया इंटेग्रिफोलिया (Holoptelea integrifolia) नामक पौधे की रोगग्रस्त पत्तियों से एकत्र किया गया था। यह एक असामान्य पर्ण-आश्रित हाइफोमाइसीटस (Hyphomycetous) कवक है, जिसके विशिष्ट आकारिकीय एवं सूक्ष्म संरचनात्मक लक्षणों के आधार पर इसे एक नए वंश के रूप में मान्यता दी गई है। इस नए वंश का नामकरण विश्वविख्यात कवक वैज्ञानिक प्रोफेसर पेड्रो विलेम क्रूस (Prof. Pedro Willem Crous) के सम्मान में किया गया है। प्रो. क्रूस नीदरलैंड स्थित प्रतिष्ठित वेस्टर्डाइक फंगल बायोडायवर्सिटी इंस्टीट्यूट (Westerdijk Fungal Biodiversity Institute) के निदेशक रह चुके हैं जिन्होंने आधुनिक कवक वर्गिकी (Fungal Systematics), जैव विविधता एवं पादप रोग विज्ञान के क्षेत्र में उनके दूरदर्शी शोध और उल्लेखनीय योगदान ने वैश्विक स्तर पर कवक विज्ञान को नई दिशा प्रदान की है। इस नए वंश की स्थापना के लिए शोधकर्ताओं ने आधुनिक आणविक तकनीकों, डीएनए बारकोडिंग जीन तथा इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी का उपयोग किया। आणविक, आकारिकीय एवं सूक्ष्म संरचनात्मक विशेषताओं के समन्वित अध्ययन से इस कवक की विशिष्ट पहचान स्थापित की गई। यह शोध आधुनिक बहुविध वर्गिकी (Polyphasic Taxonomy) के माध्यम से भारत की अज्ञात कवक विविधता को सामने लाने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस शोध का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू इस कवक में पाए जाने वाले जैवसक्रिय द्वितीयक उपापचयों (Bioactive Secondary Metabolites) की उपस्थिति है। इन रासायनिक घटकों में एंटीफंगल, एंटीबैक्टीरियल, एंटीकैंसर, एंटीबायोफिल्म तथा इम्यूनोमॉड्यूलेटरी जैसी संभावित जैविक गतिविधियां प्रदर्शित करने वाले यौगिकों की पहचान की गई है। ये निष्कर्ष इस नए कवक वंश को औषधीय एवं जैव-प्रौद्योगिकीय अनुसंधान के लिए एक संभावनाशील संसाधन के रूप में प्रस्तुत करते हैं। यह शोध 17 November 2026 को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल ‘माइकोलॉजिकल प्रोग्रेस’ (Mycological Progress) में प्रकाशित हुआ है, जो जर्मन माइकोलॉजिकल सोसाइटी (German Mycological Society) से संबद्ध एक प्रतिष्ठित Q1 श्रेणी का शोध पत्रिका है। इस शोध कार्य का नेतृत्व बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र सिंह ने किया। शोध दल में उनके शोधार्थी सौम्यदीप राजवार, जयप्रकाश, संजीत कुमार वर्मा, संजय यादव एवं अमन गुप्ता के साथ गोरखपुर की गार्गी सिंह शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, बीएचयू के रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. कमलेश कुमार का भी इस शोध में महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह खोज भारत की समृद्ध एवं अभी तक काफी हद तक unexplored कवक जैव विविधता के वैज्ञानिक अन्वेषण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह न केवल आधुनिक कवक वर्गिकी में नए आयाम जोड़ती है, बल्कि जैवसक्रिय प्राकृतिक उत्पादों की खोज और भविष्य में संभावित औषधीय अनुप्रयोगों के लिए भी नए अवसर प्रस्तुत करती है। कुल मिलाकर, पेड्रोक्रूसियोप्सिस (Pedrocrousiopsis) कवक जैव विविधता और जैवसक्रिय द्वितीयक उपापचयों का एक आशाजनक स्रोत है, जो भविष्य में नवीन औषधीय एवं जैव-प्रौद्योगिकीय अनुप्रयोगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। Link of publication: https://link.springer.com/article/10.1007/s11557-026-02184-6#Sec9
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….