लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। हैट्रिक के साथ भाजपा बनायेगी रिकार्ड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के दम पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और जनता-जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। एक निजी चैनल के “राइजिंग भारत समिट” में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पूरी दमदारी के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की, प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई पहचान पर जिसे भी गौरव की अनुभूति होती है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार मौका देगा। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पांच वर्ष लगातार मुख्यमंत्री रहने के बाद फिर चुनाव जीता और दोबारा पांच वर्ष तक अपनी सरकार लगातार चलाई। भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाएगी। मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कल्पना करिए, क्या इंडी गठबंधन की किसी सरकार में या समाजवादी पार्टी की सरकार में यह सुशासन यूपी के अंदर या किसी अन्य राज्य के अंदर कोई देख सकता था? उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस की अराजकता, उनका जंगलराज, उनका गुंडाराज, थाना, तहसील, जिला को बंधक बनाने की उनकी कुत्सित चेष्टाएं जो रही हैं, जब भी उनको मौका मिला है, इस कानून-व्यवस्था की ध्वस्त स्थिति, कर्फ्यू, दंगा, लूट-खसोट, इन सभी मुद्दों को लेकर के भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगियों के साथ इस चुनाव में जाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….