Breaking News

एमएमएमयूटी गोरखपुर के पूर्व छात्र पावरग्रिड के कार्यकारी निदेशक युगेश दीक्षित के प्रयास से विश्‍वविद्यालय में बना 13 करोड़ की लागत से हॉस्‍टल

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के पूर्व छात्र युगेश कुमार दीक्षित ने देश के विद्युत एवं ऊर्जा क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ ही मातृ संस्थान के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान में पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) में कार्यकारी निदेशक, उत्तरी क्षेत्र-प्रथम के पद पर कार्यरत दीक्षित को विद्युत क्षेत्र में 37 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनके प्रयासों से विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए वातानुकूलित छात्रावास के निर्माण हेतु 13 करोड़ रुपये से अधिक की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) धनराशि उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है। गोरखपुर में जन्मे युगेश दीक्षित ने प्रारंभिक शिक्षा राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 1987 में तत्कालीन मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया। उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत एनटीपीसी से की। बाद में पावरग्रिड में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने विद्युत पारेषण और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। दीक्षित पावरग्रिड में कार्यकारी निदेशक, उत्तरी क्षेत्र-तृतीय तथा ओडिशा परियोजनाओं के प्रमुख सहित अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। देश की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने वाली यूनिफाइड लोड डिस्पैच सेंटर, ईएमएस/स्काडा प्रणाली तथा नवीकरणीय ऊर्जा प्रबंधन केंद्र जैसी परियोजनाओं के विकास एवं क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्तमान में एमएमएमयूटी पूर्व छात्र संघ के एनसीआर चैप्टर के अध्यक्ष के रूप में भी वे सक्रिय हैं। विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विकास के साथ ही विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी सहयोग कर रहे हैं। पावरग्रिड सहित प्रतिष्ठित कंपनियों से विद्यार्थियों को जोड़ने तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। दीक्षित ने ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन से प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। वे अंतरराष्ट्रीय विद्युत संगठन सिग्रे (CIGRE) के सदस्य हैं। पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय से जोड़ने और उनके अनुभवों का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाने में भी उनकी सक्रिय भूमिका है। विश्वविद्यालय परिवार ने उनकी व्यावसायिक उपलब्धियों और मातृ संस्थान के प्रति समर्पण की सराहना की है।

Image 1

Check Also

गोपीनाथ पीजी कॉलेज गाजीपुर में निर्वाचक साक्षरता क्लब के तहत क्विज, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, विजेता सम्मानित

गाज़ीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक साक्षरता क्लब के तत्वावधान में बुधवार को गोपीनाथ …