Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे विकास कौशल, डीएससी उपाधि से होंगे विभूषित

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के 11वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधार रहे हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विकास कौशल को विश्वविद्यालय की डॉक्टर ऑफ साइंस (डी एस सी) की मानद उपाधि से विभूषित किया जाएगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने पत्र भेजकर कुलाधिपति से मुख्य अतिथि को मानद उपाधि दिये जाने के संबंध में अनुमति मांगी थी। जनभवन, लखनऊ से प्राप्त पत्र के माध्यम से कुलाधिपति की औपचारिक स्वीकृति विश्वविद्यालय को प्राप्त हो गयी है। मानद उपाधि का प्रारूप तथा मुख्य अतिथि का मानपत्र तैयार कर लिया गया है तथा विद्या परिषद एवं प्रबंध बोर्ड की आगामी बैठकों में इसे स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्य अतिथि विकास कौशल को कुलाधिपति के कर कमलों से 11वें दीक्षांत समारोह के दौरान मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। विकास कौशल विश्वविद्यालय की मानद उपाधि प्राप्त करने वाले पांचवें व्यक्ति होंगे। इसके पूर्व, मेट्रोमैन ई श्रीधरन, इन्फोसिस संस्थापक एन आर नारायण मूर्ति, इसरो निदेशक एस नंबी नारायण, तथा इसरो अध्यक्ष वी नारायणन को विश्वविद्यालय मानद उपाधि से विभूषित कर चुका है। विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियों ने ज़ोर पकड़ लिया है। कुलपति प्रो अनुपमा कौशिक शर्मा ने बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। जनभवन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में दीक्षांत समारोह के दौरान कुशीनगर जनपद के 10 आंगनवाड़ी केंद्रों को आंगनबाड़ी किट कुलाधिपति के कर कमलों से प्रदान की जाएगी। दीक्षांत समारोह के पूर्व दीक्षोत्सव का आयोजन किया जाएगा जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिये गये गांवों के बच्चों के मध्य विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी: –

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आयोजित गतिविधियां

  1. परंपरागत खेलों की प्रतियोगिताएं
  2. काव्य लेखन, निबंध लेखन, एवं भाषण प्रतियोगिता
  3. देशभक्ति गायन एवं लोकनृत्य

गोद लिये गये गांवों के बच्चों के लिए आयोजित गतिविधियां

  1. 10 बच्चों द्वारा पर्यावरण गीत प्रस्तुति
  2. देशभक्ति गायन एवं लोकनृत्य
  3. मेरी माँ विषय पर भाषण, निबंध लेखन, एवं चित्रकला प्रतियोगिता

इस बार दीक्षांत समारोह का एक महत्वपूर्ण आकर्षण होगा ‘मां बेटी सम्मेलन’ का आयोजन। दीक्षांत समारोह के तुरंत बाद आर्यभट्ट सभागार में माँ-बेटी सम्मेलन का आयोजन होगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता स्वयं कुलाधिपति करेंगी। दीक्षांत समारोह से पूर्व लगभग 40-50 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण विश्वविद्यालय द्वारा कराया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल या बी आर डी मेडिकल कॉलेज से संपर्क करने की योजना बनायी है। इस स्वास्थ्य परीक्षण के परिणामों के आधार पर बेटियों के स्वास्थ्य पर चर्चा का आयोजन मां बेटी सम्मेलन के दौरान किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम होगा जिसमें छात्राओं और उनकी माताओं को एक साथ आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, करियर, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल जागरूकता और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। सम्मेलन के माध्यम से माताओं को अपनी बेटियों की शिक्षा और समग्र विकास में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

पीजी कॉलेज गाजीपुर में वैदिक रीति से हवन पूजन के साथ हुआ दीक्षारम्भ

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में नवीन सत्र- 2026-27 का दीक्षारम्भ वैदिक विधि-विधान के साथ धूमधाम …