वाराणसी। कमिश्नरेट के भेलूपुर थाना क्षेत्र के बड़ी गैबी में देर रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दीपांशु राय उर्फ लक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में उसके दोस्त पीयूष पांडेय को हिरासत में लिया है। पुलिस पीयूष पांडेय से गहनता से पूछताछ कर रही है। इसका उद्देश्य घटना के पीछे की असली वजह जानना है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। सूचना में कहा गया था कि दीपांशु राय संदिग्ध परिस्थितियों में चाकू लगने से जख्मी हो गया है। उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर में दीपांशु राय को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से ही उसके दोस्त पीयूष पांडेय को हिरासत में लिया था। पुलिस अब घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है। पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दोनों एक ही कमरे में साथ रहते थे। हरिश्चंद्र घाट पर ही दोनों का अधिक समय गुजरता था। पूछताछ में पीयूष पांडेय ने पुलिस को बताया कि रात 10.30 बजे घाट से कमरे पर पहुंचे। नशे में दोनों धुत थे। इसके बाद खाना पकाने और बर्तन धुलने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इस बीच सब्जी काटने वाले चाकू से दीपांशु के पेट में वार कर दिया। पुलिस के मुताबिक दीपांशु राय के पिता की छह माह पूर्व मौत हो चुकी है। पिछले एक साल से पीयूष और दीपांशु एक साथ ही कमरे में रहते थे। आरोपी पीयूष को हत्या के केस में गिरफ्तार किया गया है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….