लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर की पूर्व छात्रा सेजल गुप्ता ने तुर्किये के इस्तांबुल में आयोजित एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप में रजत पदक जीत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। 24 सितंबर को हुई प्रतियोगिता में सेजल ने 92.5 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। एमएमएमयूटी से 2026 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक सेजल ने बेंच प्रेस प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय स्तर पर रजत और स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने अब एशियाई स्तर पर रजत पदक हासिल किया है। सेजल ने 14 से 18 अक्टूबर 2025 तक वास्को द गामा, गोवा में आयोजित 33वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर्स बेंच प्रेस चैंपियनशिप में 63 किलोग्राम जूनियर वर्ग में 72.5 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता था। इसके बाद 7 से 11 जनवरी 2026 तक फरीदाबाद, हरियाणा में आयोजित 34वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर्स बेंच प्रेस चैंपियनशिप में उन्होंने 63 किलोग्राम जूनियर वर्ग में 87.5 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। एशियन चैंपियनशिप में 92.5 किलोग्राम का भार उठाकर सेजल ने अपने प्रदर्शन में एक और महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया है। अक्टूबर 2025 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 72.5 किलोग्राम से शुरुआत करते हुए उन्होंने जनवरी 2026 में 87.5 किलोग्राम और अब एशियाई चैंपियनशिप में 92.5 किलोग्राम भार उठाया। कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने एशियन चैंपियनशिप में सेजल गुप्ता की उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन की सराहना की। छात्र क्रियाकलाप परिषद के अध्यक्ष प्रो. बी.के. पांडेय तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संजय मिश्रा ने भी सेजल को रजत पदक जीतने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिवार ने अपनी पूर्व छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेंच प्रेस में उनके निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….