Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में प्रतिभावान छात्रों का मिलेगा हरिहर प्रसाद दुबे इनोवेशन अवार्ड

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर तथा हरिहर प्रसाद दुबे फाउंडेशन, बेंगलुरु के बीच ‘हरिहर प्रसाद दुबे इनोवेशन अवार्ड’ आरम्भ किए जाने हेतु आज एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। समझौते पर विश्वविद्यालय की तरफ से अधिष्ठाता विस्तार गतिविधियां प्रो पी के सिंह ने जबकि हरिहर प्रसाद दुबे फाउंडेशन की तरफ से मदन मोहन त्रिपाठी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो जे पी सैनी, अधिष्ठाता प्रो वी के गिरि, सह अधिष्ठाता डॉ अवधेश कुमार, कार्यवाहक कुलसचिव प्रो जय प्रकाश आदि उपस्थित रहे। समझौते के अंतर्गत हरिहर प्रसाद दुबे फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष ‘हरिहर प्रसाद दुबे इनोवेशन अवार्ड’ दिया जाएगा। इस पुरस्कार के संचालन हेतु फाउंडेशन द्वारा एकमुश्त रु. 5 लाख की धनराशि विश्वविद्यालय कोष में जमा की जाएगी। इस धनराशि के अर्जित ब्याज से प्रतिवर्ष दो इनोवेशन पुरस्कार दिए जाएंगे। यह पुरस्कार बी टेक और एम टेक छात्रों द्वारा अपने पाठ्यक्रम में किए जा रहे प्रोजेक्ट की उत्कृष्टता के आधार पर दिया जाएगा। पुरस्कार प्रक्रिया में स्नातक और परास्नातक के सभी छात्र सम्मिलित हो सकते हैं। स्नातक और परास्नातक छात्रों द्वारा अपने पाठ्यक्रम के प्रोजेक्ट के विवरण सहित आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों को मौलिकता, नवीनता, और उपयोगिता के आधार पर विभागीय समिति द्वारा परखा जाएगा। विभागीय स्तर पर जांच के बाद प्रत्येक विभाग से विभागाध्यक्ष द्वारा दो दो प्रोजेक्ट को विश्वविद्यालय स्तर पर परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। विश्वविद्यालय स्तर पर परीक्षण हेतु एक पृथक समिति माननीय कुलपति महोदय द्वारा गठित की जाएगी। यह समिति सभी विभागाध्यक्षों द्वारा संस्तुत सभी प्रोजेक्ट का परीक्षण करेगी और अंत में सर्वश्रेष्ठ दो प्रोजेक्ट्स को ‘हरिहर प्रसाद दुबे इनोवेशन अवार्ड’ के लिए चुना जाएगा। पुरस्कार स्वरूप नकद धनराशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार विश्वविद्यालय के किसी समारोह के दौरान दिए जाने पर भी सहमति बनी है। साथ ही चयन प्रक्रिया में विश्वविद्यालय के साथ साथ हरिहर प्रसाद दुबे फाउंडेशन द्वारा नामित विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। पुरस्कार से सम्मानित प्रोजेक्ट की बौद्धिक संपदा पर संबंधित छात्र का ही अधिकार होगा। इनोवेशन अवार्ड के माध्यम से छात्रों में नवाचार करने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस पुरस्कार की स्थापना की गई है।

Image 1 Image 2

Check Also

सत्‍यदेव लॉ कालेज में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

गाजीपुर। सत्यदेव लॉ कॉलेज के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम …