Breaking News

बेस्‍ट टेक्निकल यूनिवर्सिटीज ऑफ इंडिया के रैंकिंग में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर को मिला 26वां स्‍थान

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर को इंडिया टुडे समूह द्वारा की गई ‘बेस्ट टेक्निकल यूनिवर्सिटीज ऑफ इंडिया’ रैंकिंग 2024 में पूरे देश में 26वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। इस रैंकिंग में उत्तर प्रदेश से केंद्रीय/ राज्य विश्वविद्यालय सहित निजी संस्थान मिलाकर केवल दो संस्थान शामिल हैं, पहला आई आई टी कानपुर है जिसे रैंकिंग में देश भर में दूसरा स्थान मिला है। जबकि प्रदेश का दूसरा संस्थान एम एम एम यू टी गोरखपुर है जिसे देश में 26वाँ स्थान मिला है। इनके अलावा प्रदेश के किसी तकनीकी संस्थान को रैंकिंग में स्थान नहीं मिला हैं। बताते चलें कि इस रैंकिंग में शीर्ष पांच स्थानों पर क्रमशः आई आई टी दिल्ली, आई आई टी कानपुर, आई आई टी बॉम्बे, आई आई टी खड़गपुर, और आई आई टी रुड़की शामिल हैं। पूरी रैंक सूची में कुल 9 आई आई टी, और 3 एन आई टी शामिल है। इस रैंकिंग में बिट्स पिलानी को 9वाँ स्थान मिला है। ज्ञात हो कि 1997 से शुरू हुई इंडिया टुडे रैंकिंग्स में प्रतिवर्ष विभिन्न विश्वविद्यालयों को पांच मानकों क्रमशः ‘प्रवेश गुणवत्ता और प्रशासन’, ‘शैक्षणिक उत्कृष्टता’, ‘आधारभूत संरचना और संसाधन’, ‘व्यक्तित्व और नेतृत्व विकास’ और ‘करियर प्रगति और प्लेसमेंट’ पर परखा जाता है और इस आधार पर रैंकिंग दी जाती है। आरम्भ में इंडिया टुडे द्वारा केवल इंजीनियरिंग, विधि, और चिकित्सा शिक्षा संस्थानों की ही रैंकिंग की जाती थी। परन्तु बाद में कला, वाणिज्य, आर्किटेक्चर, डेंटल साइंस, मास कम्युनिकेशन, होटल मैनेजमेंट आदि क्षेत्रों में भी इंडिया टुडे रैंकिंग्स जारी होने लगी। इस रैंकिंग का उद्देश्य प्रवेशार्थियों को महत्वपूर्ण डेटा के आधार पर अपनी इच्छानुसार अच्छा कॉलेज चुनने और सही करियर चुनने में मदद करना है। पिछले लगभग दो दशकों में इंडिया टुडे रैंकिंग ने नियोक्ताओं, अभिभावकों, नीति निर्माताओं, और आमजन की नजर में प्रतिष्ठा अर्जित की है। उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग एक वर्ष में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। वर्ष 2024 की NIRF रैंकिंग में एम एम एम यू टी को देश भर के तकनीकी संस्थाओं में 84वाँ, विश्वविद्यालय श्रेणी में 94वाँ और सरकारी राज्य विश्वविद्यालय श्रेणी में 40वाँ स्थान मिला था। उसके बाद जारी हुई क्यू एस रैंकिंग में एम एम एम यू टी को दक्षिण एशिया में 292वाँ और एशिया में 901वाँ स्थान मिला था। हाल ही में ए डी रैंकिंग में विश्वविद्यालय के 114 शोधकर्ताओं को स्थान मिला था। आई आई आर एफ रैंकिंग में एम एम एम यू टी के बी बी ए पाठ्यक्रम को देश भर में 19वाँ और प्रदेश में पहला स्थान मिला था। इसी प्रकार, टाईम्स इंजीनियरिंग सर्वे 2024 में एम एम एम यू टी को देश में 36वाँ स्थान मिला था। रैंकिंग की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने एक दूसरे को बधाई दी और उम्मीद जताई कि भविष्य में इन रैंकिंग्स में और उछाल आएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

थाना कासिमाबाद पुलिस द्वारा सिया धर्म गुरु और ईरान के शहीद सुप्रीम लीडर खामेनेई के …