गोरखपुर: प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा Alum Speaks Series के तीसरे सत्र का सफल आयोजन दिनांक 5 जुलाई 2025 को ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में 1997 बैच के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में Business Information Security Officer, SAP के पद पर कार्यरत Er. अरविंद गुप्ता ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफेसर वी.के. द्विवेदी (प्रोफेसर, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ) द्वारा श्री गुप्ता के औपचारिक स्वागत एवं परिचय के साथ हुई। प्रो. द्विवेदी ने विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ उनके जुड़ाव और मार्गदर्शन की सराहना की। श्री गुप्ता ने साइबर सुरक्षा के मूल तत्व एवं करियर की संभावनाएँ विषय पर व्यापक रूप से चर्चा की। उन्होंने साइबर सुरक्षा के विभिन्न आयामों जैसे नेटवर्क सुरक्षा, डेटा गोपनीयता, क्लाउड सुरक्षा, रैनसमवेयर खतरों, फिशिंग अटैक, डिजिटल फॉरेंसिक, साइबर लॉ और नीति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों को जानकारी दी। साथ ही उन्होंने साइबर सुरक्षा में उभरते करियर विकल्पों जैसे Security Analyst, Threat Intelligence Expert, Ethical Hacker, Compliance Officer, और Cyber Risk Consultant के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने विशेष रूप से छात्रों को यह समझाया कि इस क्षेत्र में सफल होने के लिए केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि सतर्कता, नैतिक सोच, डेटा हैंडलिंग कौशल और निरंतर अपडेट रहने की आदत भी आवश्यक है। अपने व्यक्तिगत करियर यात्रा और चुनौतियों को साझा करते हुए उन्होंने यह प्रेरणा दी कि प्रतिबद्धता और आत्मनिर्भरता के साथ किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है।इस अवसर पर सत्र की सराहना करते हुए कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी जी ने कहा—“साइबर सुरक्षा आज के डिजिटल युग की एक अत्यंत संवेदनशील और रणनीतिक आवश्यकता बन चुकी है। इस क्षेत्र की समझ केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सतर्कता, जिम्मेदारी और नीति-निर्माण की सोच भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ऐसे सत्र हमारे छात्रों को न केवल करियर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक दुनिया की वास्तविक चुनौतियों से भी रूबरू कराते हैं। विश्वविद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार के उद्योग-अकादमिक संवादों को बढ़ावा देता रहेगा।” समन्वयक सुकन्या पाण्डेय ने बताया के इस सत्र में बी.टेक., एम.टेक., एमसीए, बीबीए, एमबीए तथा बी.फार्मा (बैच 2026, 2027 एवं 2028) के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर दौर में भी छात्रों ने उत्सुकता से भाग लिया और श्री गुप्ता ने उनके सभी प्रश्नों का संतुलित एवं स्पष्ट उत्तर दिया। प्रो द्विवेदी ने कहा के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ, अरविंद गुप्ता जी का हार्दिक आभार प्रकट करता है कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ अपने बहुमूल्य अनुभव साझा किए। हम उनके सहयोग और विश्वविद्यालय के प्रति उनके स्नेह के लिए कृतज्ञ हैं। साथ ही, हम सभी पूर्व छात्रों के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक संवादों की आशा करते हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….