गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज’ के तत्वावधान में ‘चेतना -प्रवाह’ कार्यक्रम के अन्तर्गत ‘विश्व हिन्दू परिषद्’ के जिला-अध्यक्ष विनोद उपाध्याय के आयोजन में डेढ़गावां स्थित ‘श्रीकृष्ण राधिका मैरेज हाल’ में एक सरस काव्यगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता भोजपुरी के वरिष्ठ कवि विनय राय ‘बबुरंग’ ने की एवं मुख्य अतिथि समाजसेवी सच्चिदानन्द राय ‘चाचा’ रहे। कार्यक्रम का आरंभिक औपचारिक संचालन डॉ .अक्षय पाण्डेय ने एवं कविगोष्ठी का संचालन मिथिलेश गहमरी ने किया। गोष्ठी का शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप-प्रज्वलन के उपरान्त महाकवि कामेश्वर द्विवेदी की वाणी-वन्दना से हुआ। आयोजक श्री विनोद उपाध्याय ने कवियों का स्वागत अंगवस्त्र के साथ माल्यार्पण कर किया।संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने कवियों एवं आगंतुक श्रोताओं का वाचिक स्वागत करते हुए चेतना-प्रवाह के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। युवा शायर गोपाल गौरव ने अपनी ग़ज़ल “प्यार ही बस प्यार हो ऐसी कोई तरकीब कर/गोलियां बारूद मत रख आदमी के वास्ते” सुना कर खूब वाहवाही लूटी। इसी क्रम में आशुतोष श्रीवास्तव ने अपनी व्यंग्य-कविता “वो इंसान था या काग़ज़ का पुलिंदा/राशनकार्ड में मर गया/आधार में था ज़िन्दा” सुना कर सोचने पर मजबूर किया। युवा नवगीतकार डाॅ.अक्षय पाण्डेय ने अपना नवगीत “नाउम्मीदी में भी हम उम्मीदें पाले हैं/आने वाले हैं, अच्छे दिन आने वाले हैं।”की सस्वर प्रस्तुति ने श्रोताओं को तालियाॅं बजाने के लिए विवश किया। संस्था के संस्थापक एवं वरिष्ठ व्यंग्यकार अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने अपनी व्यंग्य-कविता “गली में नेताजी का शव पड़ा है/उनकी अन्त्येष्टि में सहयोग कीजिए/और दस रुपए का चन्दा दीजिए” खूब प्रशंसित हुई। भोजपुरी एवं हिन्दी के गीतकार हरिशंकर पाण्डेय अपना भोजपुरी गीत “अवते पतोहिया चली गइली विदेशवा/बूढ़ा-बूढ़ी झनखत बाड़ें बइठि के दुअरिया राम” प्रस्तुत कर ख़ूब तालियां बटोरी। इसी क्रम में मिथिलेश गहमरी ने अपनी ग़ज़ल “आये हैं बुझाने के लिए आग,मगर लोग/पानी की जगह हाथ में पेट्रोल लिये हैं” प्रस्तुत कर अतीव प्रशंसा अर्जित की। सन्तोष तिवारी ‘कौशिल’ की ग़ज़ल “ये माना तुम्हें भी कमाने बहुत हैं/शहर में तुम्हारे ठिकाने बहुत हैं” ने खूब तालियां बटोरी।वीर रस के वरिष्ठ कवि दिनेशचन्द्र शर्मा ने “लेगा ज़माना खून के एक-एक बूंद का बदला/कातिल को कत्लेआम से थकने तो दीजिए” सुनाकर श्रोताओं में जोश भर दिया।नगर के वरिष्ठ ग़ज़ल-गो कुमार नागेश का यह शेर “हर एहसास और जज़्बात को भुला देती है/हवस, इंसान से इंसानियत हटा देती है” खूब प्रशंसित रहा। नगर के महाकाव्यकार कामेश्वर द्विवेदी ने अपनी छान्दस कविता “हमारे पूज्य पूर्वजों से मिला है जो संस्कार/तार-तार हो रहा है उसको बचाना है” सुना कर वाहवाही पायी। वरिष्ठ नवगीतकार कुमार शैलेन्द्र का चर्चित नवगीत”सृजन के स्वप्न मेरी ऑंख में जब से उतर आए/मेरा मन इन्द्रधनुषी रंग बन आकाश लिखता है” सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। अध्यक्षीय काव्यपाठ करते हुए विनय राय ‘बबुरंग’ ने अपनी कविता ” हाय रे राज ठाकरे/शिवाजी अउर तिलक क/आंगन जनि बाॅंट रे” सुनाकर तात्कालिक समस्या की ओर सबका ध्यानाकर्षण किया। इसके अतिरिक्त कवि चिदाकाश ‘मुखर’ एवं शुभम् शर्मा जैसे नवांकुरों की काव्यात्मक प्रस्तुतियाॅं बेहद प्रशंसित रहीं। इस सरस काव्यगोष्ठी में श्रोता के रूप में विपिन बिहारी राय, प्रभाकर त्रिपाठी, राघवेन्द्र ओझा, आशुतोष पाण्डेय, कमलाकान्त राय,कवीन्द्र नाथ शर्मा, मृत्युंजय मिश्र,वीरेन्द्र पाण्डेय, वीरेन्द्र राय,बाचाजी,शशिकान्त उपाध्याय, अविनाश उपाध्याय, केदार उपाध्याय, बद्रीनाथ उपाध्याय, सुधाकर पाण्डेय, कैलाश कुशवाहा,संकठा प्रसाद राय,राकेश तिवारी आदि उपस्थित रहे। अन्त में इस सरस काव्यगोष्ठी के आयोजक विनोद उपाध्याय ने साहित्य चेतना समाज की साहित्यिक,सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों की भूरिश: प्रशंसा करते हुए आगंतुक कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया साथ ही इस गोष्ठी के आयोजन के सातत्य की आस्वस्ति प्रदान की।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….