मऊ। “अभी से पाँव के छाले न देखो, अभी यारो सफ़र की इब्तिदा है” एजाज रहमानी की हौसला आफजाई वाली यह पंक्तियां युवा व्यापार मंडल व सर्राफा सेवा समिति के सदस्यों पर सटीक बैठती है। जब उन्होंने संकल्प लिया कि लगातार दो माह तक प्रत्येक रविवार को वृक्षारोपण करेंगे तो कुछ लोगों को लगा कि यह भी कोई “बस यूं ही” वाली घोषणा है। लेकिन जिला अध्यक्ष मनीष सर्राफ के नेतृत्व में पौधारोपण का यह काम लगातार पांचवे रविवार को भी जारी रहा। जहां व्यापारियों द्वारा करजौली स्थित मठ पर केवल पौधरोपण ही नहीं किया गया बल्कि गौ सेवा भी की गई। गायों को गुड़, चना और फल इत्यादि खिलाकर गौ सेवा का एक संदेश दिया गया। रविवार को संत सरजू दास आश्रम उपवन करजौली खुरहट में मऊ और मुहम्मदाबाद से चलकर आए पचासो की संख्या में व्यापारियों ने गौशाला में गौमाता को चना, गुड़, दर्रा, पशु पराग, और केला खिलाने के बाद वहाँ गौशाले के बगल उपवन में 25 पौधे लगाए गए। जिसमे आंवला, आम, पीपल, पाकड़, नीबू, श्रीफल, नीम, कटहल आदि के पौधे शामिल रहे। मनीष सर्राफ ने मऊ शहर एवम जिले के सभी व्यापारियों से पुनः एक बार निवेदन करते हुए इस नेक कार्य में जुड़ने के लिए अपील किया।आज के इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुहम्मदाबाद ब्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त, गौशाला एवम उपवन के व्यवस्थापक रामदास गुप्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कर रहे सर्राफा सेवा समिति के संस्थापक निखिल वर्मा व समिति के जिला महामंत्री ज्योतिष कर्ण शांडिल्य ने पूरे विधि विधान के बीच मंत्रोचारण करते हुए सभी पौधे लगवाए। इस अवसर पर सर्राफा सेवा समिति के नगर अध्यक्ष कन्हैया वर्मा, नगर मंत्री मनोज वर्मा, शालिनी सर्राफ, योगेश वर्मा, भोलेनाथ गुप्ता, सरजू मधेशिया, मुकेश कुमार,भोला सोनकर, पवन कुमार भारद्वाज, धर्मेन्द्र यादव, नितेश वर्मा, रामदयाल, सुजीत वर्मा आदि दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….