गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में दिनांक 18 जुलाई 2025 को “मध्यस्थता एवं महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण (POSH Act)” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय कुलपति, प्रो. जे. पी. सैनी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा हेतु POSH अधिनियम की जानकारी प्रदान करना तथा शिकायत निवारण में मध्यस्थता की भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मीनू, एसोसिएट प्रोफेसर, कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग (CSED) एवं पीठासीन अधिकारी, आंतरिक शिकायत समिति (ICC) ने की। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में विषय की सामाजिक प्रासंगिकता और इससे जुड़ी जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ताओं के रूप में अनिल कुमार झा (H.J.S.), जनपद न्यायाधीश, गोरखपुर; पंकज श्रीवास्तव (H.J.S.), अपर जनपद न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिविल कोर्ट, गोरखपुर; एवं संजयपति त्रिपाठी, अधिवक्ता एवं मुख्य विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता, सिविल कोर्ट, गोरखपुर ने POSH अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, शिकायत प्रक्रिया की निष्पक्षता, कार्यस्थल पर संवेदनशीलता बनाए रखने और मध्यस्थता की उपयोगिता पर विचार साझा किए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की महिला शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने POSH अधिनियम से जुड़े कई प्रासंगिक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक रूप से किया गया। इस अवसर पर ICC के संकाय सदस्य डॉ. पूजा लोहिया, देवेंद्र मणि पांडेय, डॉ. पल्लव गुप्ता, एवं मुख्य वार्डन डॉ. वी.के. गिरि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। साथ ही, ICC के छात्र सदस्य दीपक कुमार सिंह, कु. वैष्णवी राय एवं कु. आस्मी सिंह ने कार्यक्रम के संचालन और सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। होस्टल सहायक प्रतिभा सिंह तथा कॉमन रूम अटेंडेंट प्रमिला सिंह ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान कर इसकी सफलता सुनिश्चित की। लगभग 60 महिलाओं ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सार्थक एवं प्रभावी बनाया। यह कार्यक्रम कार्यस्थल पर सुरक्षा, समानता और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में गोरखपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण एवं जागरूकतापूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….