गाजीपुर। जनपद न्यायालय गाजीपुर में 14 दिवसीय न्यायालय सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा कहा गया कि न्यायालय परिसर में आये दिन होने वाली आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है, परन्तु न्यायालय परिसर की सुरक्षा अन्य स्थानों की सुरक्षा के सापेक्ष अत्यंत कठिन कार्य है। न्यायालय परिसर में सामान्य वादकारियों के बीच असामाजिक तत्वो की पहचान आसान नहीं होती है। ऐसी परिस्थिति में न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को यहाँ की परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने हेतु प्रशिक्षित किये जाने की महती आवश्यकता को देखते हुए पुलिसकर्मियों के लिए इस विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। न्यायालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष, शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-1 गाजीपुर द्वारा यह कहा गया कि इस प्रशिक्षण के उपरान्त न्यायालय परिसर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के कार्य की गुणवत्ता में पर्याप्त सुधार होगा और वह अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूर्व की अपेक्षा बेहतर ढंग से कर पाने में सक्षम होंगे। पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद द्वारा पी०पी०टी० प्रजेन्टेशन के माध्यम से पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-3 विजय पाल, नूतन द्विवेदी, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी गाजीपुर, सिविल बार एसोसियेशन के अध्यक्ष रामयश सिंह यादव, महासचिव ज्योत्सना श्रीवास्तव, न्यायिक अधिकारीगण, बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….