गाजीपुर। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बुद्धवार को पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के ग्राम ददरा में दिनांक 19 अगस्त 2025 को हुई भीषण सड़क दुर्घटना के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भेंट की। इस दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के पीड़ित परिवार गरीब एवं वंचित वर्ग से संबंध रखते हैं। पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया कि—1. मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। 2. गंभीर रूप से घायलों का संपूर्ण उपचार शासन स्तर से कराया जाए, मुख्यमंत्री जी ने इस संबंध में तत्काल संज्ञान लेते हुए ट्रॉमा सेंटर, BHU को दूरभाष से निर्देशित कराया कि गंभीर रूप से घायल हरिशंकर प्रजापति एवं सोनू प्रजापति का समुचित एवं सर्वोत्तम इलाज किया जाए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इलाज का पूरा व्यय शासन द्वारा वहन किया जाएगा। पूर्व सांसद ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई के लिए उनका हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….