Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर का 26 अगस्‍त को मनाया जाएगा दशम दीक्षांत समारोह- जेपी सैनी

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर का दशम दीक्षांत समारोह दिनांक 26 अगस्त 2025, मंगलवार को विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में प्रातः 11:00 बजे से आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी विश्‍वविद्यालय के कुलपति जेपी सैनी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया। उन्‍होने बताया कि राज्यपाल, उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल जी दशम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो), बेंगलुरु के अध्यक्ष एवं अन्तरिक्ष विभाग, भारत सरकार के सचिव डॉ. वी. नारायणन जी मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित होंगे एवं दीक्षांत भाषण देंगे। मुख्य अतिथि डॉ. वी नारायणन को दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय की डॉक्टर ऑफ़ साइंस (D.Sc.) की मानद उपाधि से विभूषित किया जाएगा। उन्‍होने बताया कि विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री, प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार आशीष पटेल जी उपस्थित होंगे। विशेष अतिथि के रूप में पावरग्रिड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया के कार्यकारी निदेशक एवं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र (इलेक्ट्रिकल इंजी., 1987) युगेश कुमार दीक्षित जी उपस्थित रहेंगे। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की सभा (यूनिवर्सिटी कोर्ट), प्रबंध बोर्ड, विद्या परिषद्, वित्त समिति, परीक्षा समिति के माननीय सदस्यगण की भी उपस्थिति रहेगी। समारोह में कुल 1473 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों में बी टेक के 1064, बी बी ए के 70, बी फार्म के 65, एम टेक के 46, एम बी ए के 72, एम सी ए ए के 68, एम एस सी के 44, एवं पी एच डी के 44 विद्यार्थी शामिल होंगे। इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय पहली बार बी फार्म की उपाधि प्रदान करेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को कुल 45 स्वर्ण पदकों से विभूषित किया जाएगा। इनमें 3 कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 19 कुलपति स्वर्ण पदक सहित 23 प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल, विश्वविद्यालय पहली बार 3 कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान करेगा। इसके पूर्व तक मात्र 01 कुलाधिपति स्वर्ण पदक बी टेक के सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता विद्यार्थी को प्रदान किया जाता था। इस वर्ष 3 कुलाधिपति स्वर्ण पदक क्रमशः निम्न विद्यार्थियों को दिये जाएँगे (i) चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम की सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता मृडानी त्रिपाठी, बी फार्म. को, (ii) तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम की सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता ऋद्धि वैश्य, बी बी ए को, एवं (iii) परास्नातक पाठ्यक्रमों की सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता अर्चना आनंद, एम टेक, वी एल एस आई को। कुल 21 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किये जाएँगे जिनमें 11 छात्र एवं 10 छात्राएं सम्मिलित हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को रैंक सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। बी टेक कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग के टॉपर दिव्यांश तिवारी को सर्वाधिक 5 स्वर्ण पदक, कुलपति स्वर्ण पदक, स्व. मुन्नी लाल जैन स्मृति स्वर्ण पदक, रोमेश चंद्रा एवं किशोरी देवी स्वर्ण पदक, आर एस सिंह एम ई ’69’ स्वर्ण पदक, और क्लास ऑफ़ 1994 स्वर्ण पदक) प्रदान किये जाएँगे। उन्‍होने बताया कि बी टेक कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग की छात्रा आस्था सिंह सचान को बी टेक की सभी शाखाओं में छात्राओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए स्व. लीलावती देवी स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। बी टेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग की छात्रा यशस्वी चान्द्वारिया को बी टेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग की छात्राओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए स्व. जसवंत लाल कालरा एवं स्व. श्रीमती जनक कालरा स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। दीक्षांत समारोह का सजीव प्रसारण विश्वविद्यालय के सभी सोशल मीडिया हैंडल्स क्रमशः यूट्यूब, एक्स, एवं फेसबुक पर किया जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

थाना कासिमाबाद पुलिस द्वारा सिया धर्म गुरु और ईरान के शहीद सुप्रीम लीडर खामेनेई के …