वाराणसी। भदोही के भारतीय स्टेट बैंक शाखा में नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर 88.32 लाख की धोखाधड़ी के दो आरोपियों को ईओडब्लू लखनऊ व सेक्टर वाराणसी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लक्सा थाना क्षेत्र के जद्दु मण्डी निवासी रविशंकर वर्मा और चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भोजपुर रतनपुर निवासी संतोष सेठ है। ईओडब्लू अधिकारियों ने बताया की भदोही में भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित एग्री गोल्ड लोन स्कीम के अन्तर्गत कृषकों को उनके कृषि से सम्बन्धित क्रेडिट एवं अन्य क्रिया कलापो के लिए वित्तीय सहायता बतौर डिमाण्ड लोन/ कैश क्रेडिट/ ओवर ड्रफ्ट/ पार्ट टर्म/ लांग टर्म लोन प्रदान किया जाता था। आरोपियों ने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत नकली सोने के, आभूषणों का फर्जी टेस्टिंग प्रमाण पत्र मेसर्स श्री कृष्णा गोल्डवार टेस्ट लैब वाराणसी के नाम से तैयार कर और भूमि के फर्जी खतौनी व नकली सोना प्रतिभूति के रूप में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा भदोही में नकली सोना गिरवी रखकर एग्री गोल्ड लोन स्कीम के अन्तर्गत अलग-अलग तिथियों में कुल 88,32,882 रुपये का लोन प्राप्त कर फरार हो गए। इसके बाद तत्कालीन शाखा प्रबन्धक तहरीर पर थाना भदोही में वर्ष 2015 में केस दर्ज किया गया। इस मुकदमे की विवेचना के बीच संकलित साक्ष्यों से कुल-26 आरोपियों के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाया गया, जिसमें से 14 आरोपियों के विरूद्ध विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जा चुका है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….