लखनऊ। विज्ञान मानव सभ्यता की प्रगति का मूल आधार है। शोध, नवाचार एवं तार्किक चिंतन ने सदैव समाज को नई दिशा दी है। इन्हीं आदर्शों को सुदृढ़ करने हेतु प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में 28 फरवरी 2026 को बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गीडा, गोरखपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के समसामयिक विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था। यह आयोजन प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पहले दो स्थान प्राप्त किए। प्रथम स्थान दिव्यानंद पाण्डेय, बी टेक कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग तथा द्वितीय स्थान कृष्णा त्रिपाठी, एम बी ए प्रथम वर्ष ने प्राप्त किया। दोनों प्रतिभागियों ने अपने तर्कपूर्ण एवं प्रभावशाली वक्तव्य से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इस सफलता में प्रो बी के पांडेय, अध्यक्ष, छात्र क्रिया कलाप परिषद; डॉ. अवधेश कुमार, संयोजक, सांस्कृतिक उप-परिषद; डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ मिलिंद राज आनंद एवं डॉ. भारती शुक्ला का मार्गदर्शन रहा। साथ ही छात्र प्रतिनिधि शिवम राय, आस्था सिंह, एवं जयंत सिंह ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। विश्वविद्यालय परिवार ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों में वैज्ञानिक चिंतन, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल के विकास में सहायक होती हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, नवाचार एवं अनुसंधान की भावना को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी माध्यम सिद्ध हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….