गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चाडीपुर गांव में होली के दिन रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को हिंसक हो गया। इस दौरान एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाकर आसमुहम्मद (55) को सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस समय सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। बताया जा रहा है कि उसी विवाद को लेकर रविवार को फिर से कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि आसमुहम्मद और उनके परिजन आरोपी के दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और युवक ने गोली चला दी, जो आसमुहम्मद के सीने में जा लगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उस समय दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था, लेकिन दो दिन बाद वही विवाद फिर से हिंसक रूप ले बैठा। गोलीकांड के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। एसपी सिटी डॉ.राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….