गाजीपुर। जिला गंगा समिति द्वारा सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के सहयोग से आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘‘एक पेड मॉ के नाम‘‘ कार्यक्रम के अन्तर्गत वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी का आयोजन महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, अभिनव सिन्हा एवं अन्य अतिथियों द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर आम, अमलतास, जामुन, गुलमोहर, नीम आदि के 150 से अधिक पौधे रोपित किए गए। प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पौध भेंट कर किया। उन्होंने कहा, नमामि गंगे मिशन का लक्ष्य केवल गंगा की निर्मलता नहीं, बल्कि उसके किनारों को हरा-भरा बनाना भी है। एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है। जिला गंगा समिति का प्रयास है कि हर नागरिक इस मुहिम से जुड़े। मुख्य अतिथि एवं भाजपा के युवा नेता अभिनव सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा, प्रधानमंत्री जी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘मिशन लाइफ’ अभियान को हमें जन-आंदोलन बनाना होगा। पर्यावरण बचाना कोई विकल्प नहीं, मजबूरी है। युवा पीढ़ी को आगे आकर इसका नेतृत्व करना चाहिए। प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए स्वस्थ पर्यावरण पहली शर्त है। वायु प्रदूषण से सांस और हृदय रोग बढ़ रहे हैं। पेड़ ही प्राकृतिक वेंटिलेटर हैं। मेडिकल कॉलेज का हर छात्र आज से एक पौधे का अभिभावक बनेगा। गोष्ठी में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और गंगा स्वच्छता पर अपने विचार रखे। छात्रों ने पोस्टर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों, डॉक्टरों एवं छात्रों ने सामूहिक रूप से गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य यादव ने सभी आगंतुकों, मीडिया बंधुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉ नीरज पांडेय उप प्रधानाचार्य, भाजपा नेता कार्तिक गुप्ता, वन विभाग के कर्मचारी, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….