गाजीपुर। रोटरी क्लब गाजीपुर के तत्वावधान में आज रविवार को प्रसिद्ध माँ कामाख्या मंदिर धाम, गहमर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में क्लब के पदाधिकारियों, माँ कामाख्या मंदिर समिति के अधिकारियों तथा सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला वन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इस अवसर पर गहमर थाना प्रभारी (एसएचओ) नन्द कुमार तिवारी तथा माँ कामाख्या पुलिस चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। एसएचओ नन्द कुमार तिवारी ने कहा कि मंदिर समिति बहुत ही अच्छा और प्रशंसनीय कार्य कर रही है। मंदिर परिसर पहले से ही हरा-भरा है और 101 वृक्ष लग जाने से यह और भी हरा-भरा तथा सुंदर हो जाएगा। दोनों अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। प्रोजेक्ट चेयरमैन रो० आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से लोगों को पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रोटरी क्लब गाजीपुर की अध्यक्ष रो० विनीता सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन देने का आधार भी हैं। रोटरी क्लब के डायरेक्टर क्लब सर्विस रो० संजीव कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने माँ कामाख्या मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सावन के पवित्र माह में माँ कामाख्या धाम पर वृक्षारोपण का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है, जिसके फलस्वरूप विश्व की अग्रणी समाजसेवी संस्था रोटरी क्लब को माँ के आंगन और प्रांगण में अपने हाथों से पौधरोपण करने का यह पावन अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि मंदिर परिसर के सुंदरीकरण के दौरान कुछ पुराने वृक्षों को हटाना पड़ा था। इसी की भरपाई और पर्यावरण संतुलन के उद्देश्य से मंदिर समिति और क्लब ने मिलकर परिसर में 101 पौधे लगाने का संकल्प लिया है, जिसे इस अभियान के तहत पूरा किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में एक संक्षिप्त मंच संचालन का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। रोटरी क्लब द्वारा मंदिर समिति को माँ कामाख्या धाम प्रांगण में वृक्षारोपण की अनुमति प्रदान करने एवं पूर्ण सहयोग देने के लिए रोटरी क्लब ने मंदिर समिति के अध्यक्ष जन्मेजय सिंह, ओम प्रकाश सिंह और रघुनाथ सिंह (हे राम )को अंगवस्त्रम ओढ़ाकर विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त मंदिर समिति के मंत्री संतोष कुमार सिंह, संदीप गुप्ता, जितेंद्र शर्मा, गहमर कोतवाली के थाना प्रभारी नंद कुमार तिवारी, मा कामाख्या पुलिस चौकी के चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव तथा आर्किटेक्ट पीयूष को भी सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य रघुनाथ सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए तथा उपस्थित लोगों ने उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में “अधिक से अधिक पौधे लगाएँ, धरती को हरा-भरा बनाएँ” का संदेश प्रमुखता से दिया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब गाजीपुर की अध्यक्ष रो० विनीता सिंह, सचिव रो० सुमन सर्राफ, डायरेक्टर क्लब सर्विस रो० संजीव कुमार सिंह, माँ कामाख्या मंदिर समिति के अध्यक्ष जन्मेजय सिंह, मंत्री संतोष कुमार सिंह, रघुनाथ सिंह, शंकर जी सिंह, मंदिर के महंत आकाश तिवारी, बबुआ पंडित , पप्पू जी, सुधीर गहमरी, झाली सिंह के साथ-साथ रोटरी क्लब गाजीपुर के रो० बरुन कुमार अग्रवाल, रो० संजर नासिर, रो० अजय सर्राफ, रो० राजेश प्रसाद, रो० सैयद जीशान जिया, रो० सी.पी. चौबे, रो० संतोष कुमार वर्मा, रो० ओम नारायण सैनी उपस्थित रहे। साथ ही इनर व्हील क्लब गाजीपुर की तरफ से डॉ० नामिषा जयसवाल, साक्षी जयसवाल, सरिता अग्रवाल, अमिता धानुका, नैना सर्राफ, अनीता शर्मा, डॉ० अंजू सिंह, प्रीती रस्तोगी तथा माँ कामाख्या मंदिर समिति के अन्य गणमान्य सदस्य एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….