वाराणसी। ब्रॉड पीक अभियान के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पर्वतारोहियों की स्मृति में आज विश्वविद्यालय पर्वतारोहण केंद्र, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित पर्वतारोहियों, प्रशिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य सदस्यों ने मौन रखकर, पुष्प अर्पित कर तथा दीप व मोमबत्तियाँ प्रज्वलित कर दिवंगत पर्वतारोहियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने उनके अदम्य साहस, समर्पण, पर्वतों के प्रति प्रेम और मानवता के लिए उनके प्रेरणादायी जीवन को नमन किया। पर्वतारोहण केन्द्र के प्रभारी प्रो० अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ब्रॉड पीक पर अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पर्वतारोही सदैव पर्वतारोहण जगत के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। उनके साहस, अनुशासन और समर्पण की भावना आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….