गाजीपुर। यू.पी. टी20 गवर्निंग कौंसिल के सदस्य व गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गाजीपुर मंडल के जो भी खिलाड़ी लखनऊ तथा कानपुर में खेले जा रहे यूपी टी-20 श्रृंखला के मुकाबले देखना चाहते हैं, वह मैच से एक दिन पूर्व अपनी सूचना दर्ज करा दें। एसोसिएशन द्वारा इच्छुक सभी खिलाड़ियों को निशुल्क पास मुहैया कराए जाएंगे। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि गाजीपुर से लेकर कानपुर तक आयोजित होने वाले हर मैच के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि गाजीपुर मंडल के अंतर्गत गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया एवं आजमगढ़ जनपदों सहित पूर्वांचल के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। आगामी यूपी टी-20 लीग के मैचों को स्टेडियम में जाकर देखने के इच्छुक खिलाड़ियों को गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) की ओर से निशुल्क पास उपलब्ध कराए जाएंगे। खिलाड़ी व्यक्तिगत रूप से अथवा अपने ग्रुप के साथ भी मैच देखने जा सकते हैं। उन्हें आवश्यकतानुसार निशुल्क पास दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति व खिलाडी रंजन सिंह से मोबाइल नंबर 7839349331 पर संपर्क कर अपनी सुविधा के अनुसार अपना विवरण दे सकते हैं। वहीं, क्रिकेट परफॉरमेंस सेण्टर के अध्यक्ष वैभव सिंह ने विभिन्न अकादमियों के बच्चों व खिलाड़ियों से बड़ी संख्या में एकजुट होकर मैच देखने पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों से पूर्व यूपी टी-20 जैसे बड़े टूर्नामेंट के मुकाबले देखने से युवा खिलाड़ियों की बेहतर ग्रूमिंग होगी और उन्हें खेल की बारीकियों को सीखने व समझने का बेहतरीन मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि टिकट और पास से जुड़ी यह पूरी व्यवस्था गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा संचालित की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….