गाजीपुर। रेवतीपुर ब्लॉक के ग्राम सभा कालूपुर स्थित श्मशान घाट पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी दुर्गेश राय के सौजन्य से सोलर लाइट लगवाई गई। सोलर लाइट लगने से अब रात के समय दाह संस्कार के दौरान ग्रामीणों को अंधेरे की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। बताया गया कि कालूपुर श्मशान घाट पर रात के समय दाह संस्कार के दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर अंधेरा होने पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में लोगों को परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए डोम राजा द्वारा समाजसेवी दुर्गेश राय से श्मशान घाट पर प्रकाश की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया था। जनता की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दुर्गेश राय ने अपने सौजन्य से श्मशान घाट पर सोलर लाइट लगवाकर सराहनीय सामाजिक पहल की। इससे अब रात के समय दाह संस्कार के लिए आने वाले लोगों को पर्याप्त रोशनी मिल सकेगी। क्षेत्रीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्मशान घाट जैसी सार्वजनिक और जरूरी जगह पर प्रकाश की व्यवस्था कराना मानवता से जुड़ा कार्य है। लोगों का कहना है कि दुर्गेश राय लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और अपने स्तर से सामाजिक कार्यों में योगदान देते रहते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के जनहित के कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….