Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने छात्रावास के मेस, पेयजल, खाद्य पदार्थों का किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने आज छात्रावासों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया। दोपहर में लावण्या छात्रावास के औचक निरीक्षण के पश्चात, माननीय कुलपति महोदय देर शाम प्रशासनिक दल के साथ सीधे हबीबुल्लाह छात्रावास और महमूदाबाद छात्रावास के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। इस सघन निरीक्षण के दौरान कुलपति महोदय के साथ विश्वविद्यालय निर्माण विभाग के अधीक्षक प्रो. विनीत वर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. अमिता कनौजिया तथा कुलानुशासक (चीफ प्रॉक्टर) प्रो. राकेश द्विवेदी एवं चीफ प्रोवोस्ट प्रो आशीष अवस्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। हबीबुल्लाह छात्रावास के निरीक्षण के दौरान अंतःवासी छात्रों ने कुलपति महोदय के समक्ष पेयजल से संबंधित समस्याएं रखीं। मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने मौके पर ही निर्कोमाण विभाग के अभियंताओं को  पानी का टीडीएस (TDS) तत्काल जांचने के  निर्देश दिए। उन्होंने अभियंताओं को   को  निर्देशित किया कि पेयजल जांच की रिपोर्ट के आधार पर अविलंब त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कुलपति ने  कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शुद्ध पेयजल के मामले में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुलपति ने दोनों छात्रावासों में कमरों, मेस, रसोई, डाइनिंग हॉल, कॉमन रूम और परिसर में उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अंतःवासी छात्रों के बीच खड़े होकर उनसे सीधा व आत्मीय संवाद स्थापित किया और उनकी दैनिक आवश्यकताओं व समस्याओं की जानकारी ली। छात्रों ने कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी के इस जमीनी प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की और कहा कि विश्वविद्यालय के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर आसीन कुलपति का स्वयं धरातल पर उतरकर छात्रों के बीच पहुंचना और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना अत्यंत प्रेरणादायी एवं सराहनीय पहल है।छात्र बाकी व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व लावण्या छात्रावास में भी कुलपति ने मेस व रसोई में रखी खाद्य सामग्री की शुद्धता, दाल, चावल व मसालों के पैकेट की गुणवत्ता और भंडारण का बारीकी से परीक्षण किया था। साथ ही परिसर में स्थापित आउटडोर फिटनेस व जिम उपकरणों की कार्यप्रणाली को भी परखा था। निरीक्षण की जानकारी साझा करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन का मानना है कि”लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को घर जैसा सुरक्षित, स्वच्छ, हाइजीनिक और अध्ययन के अनुकूल वातावरण मिले। इसी क्रम में आज लावण्या, हबीबुल्लाह और महमूदाबाद छात्रावासों का सघन औचक निरीक्षण किया गया। हबीबुल्लाह छात्रावास में छात्रों द्वारा पेयजल संबंधी विषय उठाए जाने पर कुलपति जी ने तत्काल प्रभाव से पानी की टीडीएस जांच कराने और तकनीकी समस्या का अविलंब समाधान करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्माण विभाग, प्रॉक्टोरियल बोर्ड और डीएसडब्ल्यू की पूरी टीम निरंतर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रही है। छात्रावासों में स्वच्छता, पौष्टिक आहार और विद्यार्थियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Image 1

Check Also

सत्‍यदेव ग्रुप आफ कालेजेज के चेयरमैन डा. सानंद सिंह ने स्‍व. सत्‍यवती मिश्रा को दी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। सत्‍यदेव ग्रुप आफ कालेजेज के चेयरमैन डा. सानंद सिंह ने राजस्‍थान व हिमांचल प्रदेश …