शिवकुमार
गाजीपुर। लगातार तीन दिनों से हो रही आंधी और बरसात के बावजूद रामलीला मैदान लंका में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर की तैयारियां पूरी हो गयी हैं। शनिवार 26 सितंबर को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के आयोजक अभिनव सिन्हा के साहस, लगन और कठिन परिश्रम की चर्चा आज जनपद के हर चट्टी–चौराहों और सियासी गलियारों में हो रही है कि विकट मौसम के बावजूद अभिनव सिन्हा ने अपने भगीरथ प्रयास से नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर के आयोजन स्थल की तैयारियां पूरी कर दी हैं। वॉटर प्रूफ तीन पंडालों में बाहर से आ रहे प्रसिद्ध चिकित्सों के लिए केबिन बनाया गया है। मरीजों के लिए प्रतिक्षालय, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी केंद्र, सारी तैयारियां पूर्ण हो गयी हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के कार्यक्रम स्थल की भी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। ज्ञातव्य है कि बुद्धवार की शाम से ही जिले में लगातार बारिश और तेज हवा चल रही है जिसके चलते रामलीला मैदान में पानी लग गया। आयोजक अभिनव सिन्हा ने तत्काल अपनी टीम के साथ मीटिंग कर इस समस्या के निस्तारण के लिए मंथन किया। तीनों पंडालों में तत्काल उडेन फर्श जमीन से एक फुट उपर बनाकर पंडाल में सभी ब्लाकों का निर्माण करा दिया गया है। रामलील कमेटी और नगरपालिका गाजीपुर के पम्प लगातार पानी निकासी में लगे हुए हैं। इतने बरसात के बावजूद मैदान में बरसात के पानी का नामों निशान नहीं है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक दिल्ली से हवाई जहाज से वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वहां से हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन में लैंड करेंगे। इसके बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक रामलीला मैदान में पहुंचेंगे और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र स्वाशासीय मेडिकल कालेज गाजीपुर में नव स्थापित फार्मेसी एवं सीटी स्केन मशीन का उद्घाटन करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि डिप्टी सीएम शनिवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए मेडिकल की टीम और सुरक्षा व्यवस्था की टीम लगायी गयी है।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….