गाजीपुर। भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा के पिछले दो माह से किए जा रहे अथक प्रयासों के फलस्वरूप जनपद में आयोजित वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर के अंतर्गत 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 29 विशेषज्ञ सर्जन चिकित्सकों की टीम ने 347 जटिल एवं दुर्लभ ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए। महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, पंजाब और कर्नाटक से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गाजीपुर के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा एवं चिकित्सकीय टीम के सहयोग से मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। यह जानकारी रोटरी इंडिया के डॉ. राजीव प्रधान ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में आयोजित संवाद के दौरान दी। उन्होंने बताया कि शिविर के आयोजन को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा से विस्तृत वार्ता हुई थी। कुछ जटिल ऑपरेशनों के लिए आवश्यक संसाधन एवं विशेष इंस्ट्रूमेंट उपलब्ध नहीं थे, जिन्हें अभिनव सिन्हा के प्रयास से लखनऊ और आगरा से तत्काल उपलब्ध कराया गया। इसके बाद ही कई कठिन ऑपरेशन संभव हो सके। डॉ. राजीव प्रधान ने बताया कि इस शिविर में लगभग चार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली सर्जरी निःशुल्क की गईं। इनमें कुछ ऐसे जटिल मामले भी शामिल थे, जिनके उपचार के लिए मरीजों को वाराणसी और लखनऊ के अस्पतालों से भी वापस लौटना पड़ा था। जनपद में ही अत्याधुनिक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना इस शिविर की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। डॉ. गिरीश गुने ने बताया कि शिविर में प्लास्टिक सर्जरी, पित्ताशय की थैली, बच्चेदानी, नाक, कान, आंख सहित विभिन्न अंगों से संबंधित जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। उन्होंने बताया कि एक 14 वर्षीय बालक के जन्मजात जबड़े की समस्या का भी सफल ऑपरेशन किया गया। इसके अलावा लगभग 28 से 30 मरीजों के कान के पर्दे से संबंधित ऑपरेशन किए गए, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में गाजीपुर में कराना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि अभिनव सिन्हा के निरंतर प्रयासों से विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए गाजीपुर में चिकित्सा सेवा का यह अवसर उपलब्ध हुआ। उनके प्रयासों से जनपद के जरूरतमंद मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल सकीं। अभिनव सिन्हा ने कहा कि रोटरी इंडिया के सहयोग से 29 विशेषज्ञ सर्जन चिकित्सकों द्वारा 347 दुर्लभ एवं जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। इनमें कूल्हे की सर्जरी सहित अनेक ऐसी शल्य चिकित्सा शामिल हैं, जिनकी अनुमानित लागत लगभग चार करोड़ रुपये थी और जिन्हें मरीजों के लिए निःशुल्क किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों के जीवन को बेहतर बनाने और उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य किया जाए। यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी चिकित्सकों, सर्जनों, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सामूहिक प्रयास से यह महत्वपूर्ण सेवा कार्य संभव हो सका। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने शिविर की सफलता पर सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, सर्जनों, रोटरी इंडिया, आयोजकों एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकीय तथा सेवा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग और समर्पण से जनपद में इतने बड़े स्तर पर जटिल शल्य चिकित्सा का आयोजन संभव हुआ।इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा मौजूद रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….