लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय छात्र उत्सव ‘आगमन ’26’ के द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रातः 7 बजे ‘शर्लक होम्स’ ट्रेजर हंट प्रतियोगिता से हुई। इसमें 100 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से सात टीमों ने अंतिम चरण में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को टीमवर्क, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं समस्या-समाधान कौशल विकसित करने का अवसर मिला। दिवस के प्रथम सत्र में रेज्यूमे एक्स के दूसरे चरण के अंतर्गत व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किया गया। वहीं स्टार्टअप पिच में विद्यार्थियों ने अपने नवाचार एवं व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड के संकाय प्रभारी डॉ. रोहित बाबू ने कहा कि अच्छे एवं संभावनाशील विचारों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।आर्टिसन में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक विषयों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वहीं ब्रेनोमैथ क्विज के माध्यम से प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्लेसमेंट के एप्टीट्यूड राउंड का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इसके बाद कोडर आर्मी के संस्थापक रोहित नेगी एवं सह-संस्थापक आदित्य टंडन का विशेष छात्र सत्र आयोजित किया गया। दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों को एआई एवं कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों, उनसे जुड़ी आशंकाओं तथा भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी बदलावों से भयभीत होने के बजाय स्वयं को उनके अनुरूप तैयार करने के लिए प्रेरित किया। आगामी करियर एवं रोजगार की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह सत्र विशेष रूप से उपयोगी रहा। उल्लेखनीय है कि रोहित नेगी को वर्ष 2021 में 2.52 करोड़ रुपये वार्षिक का अखिल भारतीय स्तर पर सर्वाधिक पैकेज प्राप्त हुआ था। कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय के प्रतिभा खोज कार्यक्रम ‘ग्राउंड जीरो’ के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रो. बी.के. पांडेय, अध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद एवं डॉ. राजन मिश्र, उपाध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद, डॉ रोहित बाबू के मार्गदर्शन में ‘आगमन ’26’ का सफल आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड के अध्यक्ष दिव्यांश सिंह, उपाध्यक्ष प्रियांश माथुर, तकनीकी उप परिषद के अध्यक्ष प्रखर दुबे, तथा देवेश यादव, राहुल शुक्ला एवं श्वेता गौतम सहित आयोजन से जुड़े अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….